जहानाबाद: हुलासगंज में ABVP का नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम, छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई सहित कई प्रेरक चरित्रों का किया मंचन

Jehanabad ABVP Event: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हुलासगंज इकाई ने 'नारी सशक्तिकरण- इतिहास के प्रेरणास्रोत' विषय पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया। छात्राओं ने महान भारतीय नारियों के जीवन और आधुनिक भारत में महिलाओं की भूमिकाओं का जीवंत मंचन कर महिला सम्मान और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया.

Jehanabad ABVP Event: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हुलासगंज इकाई के तत्वावधान में 'नारी सशक्तिकरण- इतिहास के प्रेरणास्रोत' विषय पर प्रेरणादायी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं युवाओं को भारतीय इतिहास की महान नारियों के आदर्श जीवन, उनके त्याग, साहस, नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान से परिचित कराना था. आयोजन के माध्यम से समाज में महिलाओं के सम्मान, समान अवसर तथा उनके बहुआयामी योगदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया.

भारत माता वंदना के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ.

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. प्रो. शंभु सर, प्रो. सुधा मैम, प्रो. नागेंद्र सर, एबीवीपी के जिला संयोजक नारायण जी तथा विभाग संयोजक बिट्टू कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद छात्राओं ने भारत माता वंदना की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत कर दिया.

ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी नारियों के चरित्रों का हुआ मंचन.

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा भारतीय इतिहास की महान नारियों के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियां रहीं. वशु प्रिया ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस और देशभक्ति का प्रभावशाली मंचन किया. नीतिका कुमारी ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श शासन एवं जनकल्याणकारी कार्यों को प्रस्तुत किया. निशा ने भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले के संघर्षपूर्ण जीवन और महिला शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को दर्शाया, जबकि मुस्कान ने माता सीता के धैर्य, त्याग और आदर्श नारीत्व का संदेश दिया.

आधुनिक भारत में महिलाओं की भूमिका को भी किया गया प्रस्तुत.

छात्राओं ने आधुनिक भारत में महिलाओं की विभिन्न भूमिकाओं का भी सशक्त मंचन किया. खुशबू ने भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी की भूमिका निभाकर महिला नेतृत्व और कानून व्यवस्था के प्रति जागरूकता का संदेश दिया. सोनाली ने शिक्षिका, ज्योति ने डॉक्टर, अंजली ने गृहिणी, खुशी ने वकील, लक्ष्मी ने किसान, प्रियांशी ने बिहार पुलिस कर्मी तथा शिवानी ने जननेत्री की भूमिका निभाकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया.

महिला सम्मान और राष्ट्र निर्माण का दिया गया संदेश.

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, ज्ञान, त्याग और करुणा का प्रतीक माना गया है. वर्तमान समय में प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी राष्ट्र की प्रगति का आधार बन रही है. उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अतिथियों ने छात्राओं की प्रस्तुतियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया.

युवाओं से महिला सम्मान को जीवन में उतारने की अपील.

समापन अवसर पर विभाग संयोजक बिट्टू कुमार ने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल एक सामाजिक विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मूल आधार है. भारतीय इतिहास की महान नारियों ने अपने साहस, त्याग, सेवा और नेतृत्व से समाज को नई दिशा दी है. उन्होंने युवाओं से महिलाओं के सम्मान, समान अवसर और सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्रहित, समाजहित और राष्ट्रहित के साथ-साथ महिला सम्मान एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी.

कार्यक्रम का सफल संचालन एबीवीपी हुलासगंज इकाई के नगर मंत्री ने किया. इस अवसर पर एबीवीपी के कार्यकर्ता रोहित कुमार, अंकित कुमार, रविकांत कुमार, ऋषि कुमार, अंजुषा कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे. कार्यक्रम ने युवाओं में राष्ट्रभाव, संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व और महिला सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ashok Jehanabad

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >