Jehanabad news : महेंदिया थाना पुलिस ने फरार वारंटी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गोइन पाठक बिगहा गांव से कई वर्षों से फरार चल रहे कुर्की वारंटी सिद्धनाथ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के विरुद्ध न्यायालय द्वारा पहले ही कुर्की वारंट जारी किया जा चुका था.
घर पर छापेमारी कर की गिरफ्तारी
महेंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि गोइन पाठक बिगहा निवासी सिद्धनाथ शर्मा लंबे समय से फरार चल रहे थे. बार-बार गिरफ्तारी से बचने के कारण न्यायालय ने उनके खिलाफ कुर्की वारंट जारी किया था. वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उनके घर पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
न्यायालय में किया गया प्रस्तुत
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सिद्धनाथ शर्मा को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया. मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी.
फरार वारंटियों पर जारी रहेगा अभियान
थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने कहा कि फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए थाना क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी फरार वारंटी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
