जहानाबाद सदर : नगर पर्षद जहानाबाद और मखदुमपुर नगर पंचायत के होने वाले चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान में तेजी ला दी है. चुनाव चिह्न आवंटित कर दिये जाने के बाद लगभग सभी प्रत्याशी अपने-अपने सिंबल के साथ वार्डों की गलियों में प्रचार करने में जुट गये हैं. दोपहर बाद से ही कई प्रत्याशी जहानाबाद नगर पर्षद क्षेत्र के गली-मुहल्लों में मतदाताओं के बीच संपर्क करते हुए देखे गये. प्रत्याशी अपने-अपने चुनाव चिह्न के बारे में वोटरों को बता रहे थे.
जहानाबाद नगर पर्षद एवं मखदुमपुर नगर पंचायत के होने वाले चुनाव को लेकर निर्वाची पदाधिकारी द्वारा गुरुवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया गया. एक दिन पूर्व मखदुमपुर नगर पंचायत के लिए चुनाव मैदान में खड़े प्रत्याशियों को सिंबल दिये गये थे. जहानाबाद नगर पर्षद के निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ डाॅ नवल किशोर चौधरी ने 196 प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन किया. वहीं डीसीएलआर अमिताभ सिन्हा ने नगर पंचायत चुनाव मखदुमपुर के 85 प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया.
अनुमंडल कार्यालय में गुरुवार को प्रत्याशियों को दिये जा रहे चुनाव चिह्न को लेकर सरकारी छुट्टी के बावजूद भी दिन भर अनुमंडल कार्यालय परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा. चुनाव चिह्न लेने के लिए सभी प्रत्याशी सुबह से ही अनुमंडल कार्यालय पहुंचने लगे थे. 10 बजे के बाद प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिह्न का वितरण शुरू हुआ, जो दोपहर बाद तक जारी रहा.
