अब तक नहीं हुई है हत्यारों की गिरफ्तारी
जहानाबाद नगर : विगत 22 अप्रैल की रात मखदुमपुर थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव निवासी ट्रैक्टर मालिक अरुण शर्मा की हत्या अपराधियों ने नौगढ़ गांव के समीप कर दी थी. हत्या के बाद एसपी आदित्य कुमार द्वारा घटना का शीघ्र खुलासा किये जाने तथा अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन परिजनों को दिया गया था. लेकिन एक पखवारा बीत जाने के बाद भी जब अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सवर्ण सेना ने शहर में आक्रोश मार्च निकाला .आक्रोश मार्च गांधी मैदान से निकल कर आंबेडकर चौक होते अरवल मोड़ पहुंच सभा में तब्दिल हो गयी. आक्रोश मार्च का नेतृत्व सवर्ण सेना के अध्यक्ष भागवत शर्मा कर रहे थे.
अरवल मोड़ पर सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल की रात अपराधियों ने नौगढ़ गांव के समीप अरुण शर्मा की हत्या कर दी थी लेकिन अब तक अपराधी पुलिस के गिरफ्त से बाहर हैं. वहीं प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठी है. प्रशासन अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी नही करती है तो सवर्ण सेना द्वारा पुरे जहानाबाद को बंद कराया जायेगा. इस अवसर पर संगठन के महासचिव सुमित शर्मा ने कहा कि जिले में सवर्ण समाज को टारगेट किया जा रहा है. प्रशासन अपराधियों की गिरफ्तारी में सिर्फ इसलिए देरी कर रही है क्योकि जिनकी हत्या हुयी थी वे सवर्ण जाति से थे. पूरे प्रदेश स्तर पर सवर्ण सेना इस मामले को लेकर आंदोलन करेगा.कार्यक्रम का संचालन अंकित शर्मा एवं गोलू शर्मा द्वारा किया गया.आक्रोश मार्च में मृतक अरूण शर्मा का पुत्र जौनी शर्मा भी उपस्थित थे. उन्होने कहा कि उनके पिता का आज तक किसी से कोई दुश्मनी नही था.अपराधियों ने सिर्फ अपनी पहचान छुपाने के लिए उनकी हत्या कर दी. आक्रोश मार्च मे मोनू शर्मा ,दीपक शर्मा ,प्रशांत शर्मा ,राजीव कुमार ,नीतीश कुमार ,रंजीत कुमार ,गगन प्रियदर्शी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे.
