घटना के बाद ट्रैक्टर मालिक वाहन लेकर भागा
मखदुमपुर : थाना क्षेत्र के गुलाबगंज-मखदुमपुर पथ पर इक्किल उच्च विद्यालय के समीप शनिवार रात एक ट्रैक्टर पलट गया. ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौत हो गयी. मृत चालक थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव निवासी बाबूचंद मांझी का पुत्र अरुण मांझी (25 वर्ष) है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृतक सागरपुर निवासी चितरंजन शर्मा का ट्रैक्टर चलाया करता था. शनिवार की शाम वह ट्रैक्टर लेकर मखदुमपुर से सागरपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान इक्किल हाई स्कूल के समीप ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. जिसके नीचे दब कर उसकी मौत हो गयी. घटना के उपरांत ट्रैक्टर मालिक ने अपने वाहन को वहां से हटा लिया. घटना की जानकारी जब मखदुमपुर थाने की पुलिस को हुई तो घटनास्थल पर जाकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा.
चालक की मौत पर तीन लोगों पर प्राथमिकी: शनिवार की रात इक्किल हाइ स्कूल के समीप ट्रैक्टर दुर्घटना में हुई चालक की मौत के मामले में तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. मृत ट्रैक्टर चालक अरुण मांझी के पिता बाबूचंद मांझी द्वारा मखदुमपुर थाने में ट्रैक्टर मालिक सागरपुर निवासी चितरंजन शर्मा तथा उनके दो बेटो पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. प्राथमिकी में उल्लेख किया गया है कि बकाया पैसा मांगने पर मालिक तथा उनके दो बेटो ने मिलकर ईंट-पत्थर से पीट-पीटकर उसके बेटे की हत्या कर दिया है.
