जहानाबाद : होली को लेकर शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ चलाये गये विशेष अभियान में पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी. होलिका दहन के दिन शहर के बड़ी संगत मुहल्ला स्थित एक मकान में वतौर किरायेदार के रूप में रहने वाले एक व्यक्ति के कमरे से पुलिस ने 24 बोतल अंगरेजी शराब जप्त किया.
खबर के अनुसार एसपी आदित्य कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ी संगत मुहल्ला के निवासी ललित मोहन शर्मा के मकान में रहने वाले एक किरायेदार शराब का कारोबार कर रहा है और होली में बेचने के लिए बड़ी मात्रा में अंगरेजी शराब का भंडारण अपने कमरे में किये हुए है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ प्रभात भूषण श्रीवास्तव, नगर थानाध्यक्ष गजेन्द्र कुमार सशस्त्र बलों के साथ वहां छापेमारी की.
किरायेदार के कमरे में ताला लगा हुआ था. प्रशासनिक कारवायी पूरी कर पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा और तलाशी के दौरान कमरे से झारखंड निर्मित 24 बोतल अंगरेजी शराब जप्त हुआ. किरायेदार फरार है. इस सिलसिले में नगर थाने में एफआइआर दर्ज की गयी है. कारोबारी को पकड़ने के लिए पुलिस सक्रिय है.
चार लीटर शराब के साथ एक गिरफ्तार :जहानाबाद. गुप्त सूचना के आधार पर घोसी थाने की पुलिस ने दामोदर विगहा गांव के निवासी हजारी यादव के घर में छापा मारा. इस दौरान पुलिस ने उसके घर से चार लीटर देसी शराब जब्त की. हजारी यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त व्यक्ति बेचने और पीने के लिए घर में शराब रखे हुए है. छापेमारी के दौरान उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा.
