जहानाबाद : गुप्त सूचना पाकर उत्पाद विभाग की पुलिस ने रविवार को तड़के चेकिंग के दौरान दो यात्री बसों से 30 बोतल झारखंड निर्मित अंगरेजी शराब जब्त की है. इस अवैध धंधे में संलिप्त शराब के चार कारोबारियों को गिरफ्तार भी किया है. पटना-गया एनएच 83 पर टेहटा ओपी के सेरथुआ मोड़ के समीप शराब के साथ तस्कर पकड़े गये.
यात्री बस रांची से पटना जा रही थी. एक्साइज सुपरिटेंडेंट विनोद झा ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रांची से पटना जाने वाली दो तीन बसों से कारोबारी बड़ी मात्रा में शराब ले जा रहे हैं. सूचना पाते ही उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर शत्रुंजय कुमार और राजीव रंजन के नेतृत्व में सेरथुआ मोड़ के समीप अहले सुबह से ही चेकिंग अभियान शुरू किया. चेकिंग में विभाग के पुरुषों के अलावा महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं. जिसमें दो बसों से राॅयल स्टैग की 30 बोतल जब्त की गयी. गिरफ्तार किये गये कारोबारियों में कन्हैया कुमार, सूरज कुमार, निर्मल कुमार और दिलीप कुमार शामिल हैं.
दिलीप नशे की हालत में था. बताया गया है कि होली के मौके पर बेचने के लिए शराब झारखंड से पटना की ओर ले जाया जा रहा था. इस संबंध में एफआइआर दर्ज कर गिरफ्तार धंधेबाजों को जेल भेज दिया गया है.
शराब पीकर हंगामा करते दो गिरफ्तार :रतनी. शकुराबाद थाने की पुलिस ने बीती रात रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शकुराबाद के समीप शराब पीकर हंगामा करते दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में थाना क्षेत्र के गगनकुरा निवासी गौरव कुमार व संतोष कुमार हैं. थानाध्यक्ष रवींद्र प्रसाद यादव ने बताया कि संध्या गश्ती के दौरान शराब पीकर हंगामा करते दोनों को पकड़ा गया है. दोनों पर उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया.
