कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कई बिंदुओं पर की चर्चा
जहानाबाद,नगर : शहर के आंबेडकर चौक स्थित भाजपा जिला कार्यालय के समीप कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद का स्वागत किया गया.गया से पटना लौटने के क्रम में आंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकताओं ने फुल-मालाओं से उनका स्वागत किया. इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने जिला कार्यालय में जहानाबाद से जुड़े कई समस्याओं पर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की तथा उन समस्याओं के निवारण करने की बात कही. इस मौके पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव प्रचार करने के लिए गया गये थे. लेकिन मेरी इच्छा हुई कि जहानाबाद के लोगों से भी उनकी समस्याओं के बारे जानें .
इसलिए यहां के कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचा हूं. उन्होंने स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है. उन्होंने एक सवाल के जबाव में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के पोस्टर पर जो किया गया है वह दुर्भाग्यपूर्ण है. मोदी जी आज के दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं. स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष पूनम सिंहा ,इंदू कश्यप ,ज्योतिमणी ,अजीत शर्मा ,नरेश कुमार ,रामजन्म शर्मा ,राजेश प्रियदर्शी ,मंजू कुमारी ,सुरेश शर्मा ,विक्कू शर्मा आदि शामिल थे.
