जहानाबाद,नगर : बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ गोप गुट के सचिव मंडल की बैठक जिला कार्यालय में हुई. बैठक की अध्यक्षता में जिलाध्यक्ष राम उदय कुमार ने की. बैठक में नेताओं ने कहा कि विभागीय निर्देश के आलोक में एमडीएम में गड़बड़ी का तथ्यहीन एवं मिथ्या आरोप लगाकर शिक्षकों पर अर्थदंड लगाया जा रहा है. राशि वसूली के संबंध में बच्चों की भौतिक उपस्थिति और विगत छह दिनों की औसत उपस्थिति में जितने बच्चों की संख्या का अंतर होता है
उतने छात्रों के लिए तीन माह में व्यय होने वाले कुल राशि एवं चावल की राशि को दंड के रूप में निर्धारित किया जा रहा है. निरीक्षण के दिन जितने बच्चे उपस्थित रहते हैं उतने ही बच्चों की उपस्थिति संधारित करने के बावजूद छ: दिनों की औसत उपस्थिति के आधार पर अर्थदंड लगाना न्याय संगत नहीं है. नेताओं ने कहा कि गांव -मुहल्ले में पर्व त्योहार तथा फसल की कटाई बुनाई आदि की स्थितियों में छात्रों की उपस्थिति प्रभावित होती रहती है. यदि बच्चे समानुपातिक संख्या में उपस्थित नहीं रहते हैं
तो इसके लिए शिक्षकों पर गबन का आरोप लगाकर अर्थदंड देना शिक्षकों के सम्मान पर कुठाराघात एवं अत्याचार है. नेताओं ने समान काम के समान वेतन, सेवा शर्त की अधिसूचना लंबित रखने, नियमित वेतन भुगतान आदि ज्वलंत समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए सरकार की यह सोची-समझी रणनीति है. जिसका संघ विरोध करता है. नेताओं ने कहा कि 01 से 20 मार्च तक सभी स्कूलों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच जन जागरण अभियान, 22 व 23 मार्च को काला बिल्ला लगाकर कर शिक्षण कार्य, 25 मार्च को जिला मुख्यालय पर विरोध मार्च तथा 01 अप्रैल को एक दिवसीय एमडीएम का बहिष्कार किया जायेगा.
