विधायक मुंद्रिका सिंह यादव ने बांध निर्माण का किया शिलान्यास
हजारों एकड़ खेती योग्य भूमि का होगा पटवन
जहानाबाद : स्थानीय विधायक और राजद के प्रधान महासचिव मुंद्रिका सिंह यादव ने शुक्रवार को किसानों की एक चिर-लंबित मांग को पूरा करते हुए सेंधवा चेक डैम (बियर बांध) की आधारशिला रखी. रतनी फरीदपुर प्रखंड क्षेत्र में सेंधवा बियर बांध का निर्माण जल संसाधन विभाग से हो रहा है.
15 करोड़ की लागत से बनने वाले इस बांध के बनने से किसानों की हजारों एकड़ खेती योग्य जमीन सिंचित होगी. किसान अपने खेतों का पटवन कर सकेंगे. शिलान्यास के बाद आयोजित समारोह में विधायक ने कहा कि सेंधवा बियर बांध का निर्माण कराने की मांग लंबे समय से की जा रही थी. किसानों की इस मांग को पूरा करने के लिए वे संघर्षरत थे, जिसमें कामयाबी मिली. उन्होंने कहा कि इस बांध का निर्माण वर्ष 2018 के जून माह में पूरा कर लिया जायेगा और किसानों को पटवन का लाभ मिलना शुरू हो जायेगा.
विधायक ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के पूर्ण होने से रतनी प्रखंड के उत्तरी भाग, जहानाबाद प्रखंड का पश्चिमी भाग और पटना जिले के मसौढ़ी अनुमंडल क्षेत्र का बड़ा हिस्सा लाभान्वित होगा. बांध निर्माण की कार्यकारी एजेंसी सिंचाई प्रमंडल जहानाबाद है. मौके पर राजद युवा महासचिव सुदय यादव, संजय कुमार यादव, कामेश्वर यादव, भोली यादव, मुखिया राजदेव यादव, लखन विंद, सतेंद्र यादव, शुभेंद्र एवं मनोज कुमार सहित रतनी, जहानाबाद एवं मसौढ़ी क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित थे.
