दुर्घटना के बाद नेहालपुर बाजार में सन्नाटा

जहानाबाद : सोमवार को अपराह्न तीन बजे के बाद एनएच 110 जहानाबाद-अरवल सड़क मार्ग में परसबिगहा थाना क्षेत्र के नेहालपुर बाजार के समीप दुर्घटना में हुई एक युवक की मौत के बाद सड़क जाम, पथराव और पुलिस की एंटी लैंड माइंस वाहन (वज्रवाहन) फूंकने की घटना के बाद नेहालपुर एवं आस-पास के इलाके में सन्नाटा […]

जहानाबाद : सोमवार को अपराह्न तीन बजे के बाद एनएच 110 जहानाबाद-अरवल सड़क मार्ग में परसबिगहा थाना क्षेत्र के नेहालपुर बाजार के समीप दुर्घटना में हुई एक युवक की मौत के बाद सड़क जाम, पथराव और पुलिस की एंटी लैंड माइंस वाहन (वज्रवाहन) फूंकने की घटना के बाद नेहालपुर एवं आस-पास के इलाके में सन्नाटा पसर गया. नेहालपुर बाजार पुलिस छावनी में तब्दील रहा. वज्रवाहन फूंकने के अलावा उग्र भीड़ ने परसबिगहा थाने की बीआर 25ए 9000 नंबर की सुमो गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था. उत्तेजित भीड़ को देख पुलिसकर्मी वाहन लेकर वहां से भाग निकले.

बाद में बड़ी संख्या में गये पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेजा. जहां विशेष परिस्थिति में देर शाम करीब सात बजे अंत्यपरीक्षण कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया. इन घटनाओं के सिलसिले में परसबिगहा थाने में दो प्राथमिकियां दर्ज करायी गयी हैं. एक एफआइआर वाहन से कुचल कर युवक छोटन मांझी उर्फ बाबू साहेब की मौत के सिलसिले में तो दूसरी प्राथमिकी भीड़ के द्वारा पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त करने एवं जलाने के सिलसिले में दर्ज की गयी है.

बता दें कि नेहालपुर बाजार से सामान की खरीदारी कर झुनाठी पंचायत के यदु बिगहा गांव के निवासी चंदेश्वर मांझी का पुत्र छोटन मांझी साइकिल से अपने घर लौट रहा था. उसी दौरान पुलिस वाहन से कुचल कर उसकी मौत हो गयी थी. इसके बाद घटना स्थल पर तकरीबन दो घंटे तक अफरातफरी मची रही. बाजार की दुकानें बंद हो गयी थी. बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठे हो गये थे. जब जिला मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों का दल पहुंचा तब सड़क पर प्रदर्शन नारेबाजी व आगजनी करने वाले लोग भाग खड़े हुये. तकरीबन दो घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उठाया गया था.

मृतक के आश्रित परिवार को दी गयी सहायता राशि : दुर्घटना में हुई मौत के बाद प्रशासन के द्वारा मृतक छोटन मांझी के परिजन को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया है. इसके अलावा स्थानीय मुखिया जीरन देवी ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है. घटना के बाद सूचना पाकर जहानाबाद से अग्निशमन दस्ता नेहालपुर पहुंचा और जलाये गये वज्रवाहन में लगी आग को बुझाया.

जनप्रतिनिधियों व नेताओं ने व्यक्त की संवेदना :

विधायक मुंद्रिका सिंह यादव ने झुनाठी टोला यदुबिगहा गांव के निवासी युवक छोटन मांझी की मौत पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा है कि पुलिस वाहन के चालक की लापरवाही और असंवेदनशीलता के कारण उक्त घटना घटी. विधायक ने मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये मुआवजा, इंदिरा आवास का लाभ तत्काल देने की मांग प्रशासन से की है. राजद नेता विजय मंडल, सुदय यादव, परमहंश राय, कामेश्वर सिंह एवं संजय यादव ने भी घटना पर दु:ख व्यक्त किया है. उधर, जिला पर्षद की अध्यक्ष आभा रानी ने घटना स्थल पर जाकर मृतक के परिजनों को धैर्य बंधाया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >