जहानाबाद नगर : शहर के सदर अस्पताल गेट के समीप मां कल्याणी के दरबार में मां अंबे की प्रतिमा विराजमान होगी. सप्तमी के दिन से ही श्रद्धालू मां अंबे का दर्शन कर सकेंगे. सदर अस्पताल के मुख्य द्वार पर मां कल्याणी मंदिर परिसर में 50 वर्षों से अधिक समय से मां अंबे की प्रतिमा स्थापित की जाती है.
यहां भव्य एवं आकर्षक ढंग से माता का दरबार सजाया जाता है जिसे देखकर भक्तों की आंखें तृप्त हो जाती है. यहां कल्याणी मंदिर के बगल में एक अन्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें मां दुर्गा विराजमान होंगी. यहां बंगाल से आये कारिगरों द्वारा माता के दरबार को मंदिर का स्वरूप दिया जा रहा है. वहीं मूर्तिकार मां अंबे की प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं. मां की प्रतिमा को भव्य एवं आकर्षक बनाने को लेकर मूर्तिकारों द्वारा दिन रात लगे हुए हैं.
इधर विशुनगंज मुहल्ले में देवी मंदिर में एक भक्त सत्येंद्र द्वारा अपने सीने पर कलश स्थापित कराया गया है जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. इस भक्त को देखने के लिए यहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो रहे हैं. स्थानीय लोगों की मानें तो इस भक्त द्वारा प्रत्येक साल नवरात्र में अपने सीने पर कलश स्थापना किया जाता है.
