प्रस्तावित योजना के प्रारूप पर मांगे गये हैं सुझाव व आपत्ति
जहानाबाद : जहानाबाद नगर पर्षद क्षेत्र आने वाले दिनों में अपने विस्तारित रूप में दिखेगा. पर्षद के एरिया का स्वरूप बदलने वाला है. जहानाबाद शहर और इससे सटे शहरीकरण की क्षमता रखने वाले गांवों का सुनियोजित विकास के उद्देश्य से उसका दायरा बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें नगर पर्षद क्षेत्र के अलावा जिले के चार सीडी ब्लॉक के 98 राजस्व गांवों को शामिल किया गया है. विकास के उद्देश्य से बिहार शहरी आयोजना तथा विकास अधिनियम 2012 के सेक्शन 9 सह पठित बिहार शहरी आयोजना एवं विकास नियमावली 2014 के नियम 9 के आलोक में आयोजना क्षेत्र का सीमांकन किया गया है.
प्रस्तावित आयोजना क्षेत्र की कुल जनसंख्या वर्ष 2011 के जनगणना के अनुसार तीन लाख चार हजार 621 है. जहानाबाद आयोजना क्षेत्र की घोषणा एवं इसके उपरांत आयोजना प्राधिकार का गठन, विकास योजना की तैयारी और अन्य नियमानुकूल कार्रवाई प्रावधानों के तहत नगर विकास एवं आवास विभाग के द्वारा की जायेगी. खबर के अनुसार विभाग के द्वारा कुछ दिनों पूर्व जहानाबाद में भेजे गये अधिकारियों व अभियंता की टीम ने आयोजना क्षेत्र से संबंधित दो दिवसीय सर्वेक्षण किया था और नये सीमांकन का प्रस्ताव तैयार कर विभाग को सुपुर्द किया था. विभाग के द्वारा प्रस्तावित जहानाबाद आयोजना क्षेत्र के प्रारूप पर हितधारकों एवं आमजनों को सुझाव एवं आपत्तियां संबंधित पदाधिकारियों के पास दी जा सकती हैं. उक्त आयोजना क्षेत्र का नक्शा एवं विवरण जहानाबाद के डीएम, जहानाबाद नगर पर्षद के पदाधिकारी, अंचलाधिकारी के अलावा जहानाबाद, काको, मखदुमपुर एवं रतनी-फरीदपुर के कार्यालयों में अवलोकन हेतु उपलब्ध है, जहां इसके संबंध में सुझाव एवं आपत्ति दर्ज की जा सकती है. यह जानकारी नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार एवं उपमुख्य पार्षद अरुण कुमार ने दी.
185.47 वर्ग कि.मी. का होगा आयोजना क्षेत्र
आयोजना क्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 185.47 वर्ग किमी है, जिसमें एक शहरी क्षेत्र जहानाबाद नगर पर्षद और जिले के चार सीडी ब्लॉक जहानाबाद, काको, मखदुमपुर, एवं रतनी फरीदपुर प्रखंड के 98 ग्रामीण राजस्व इकाइयां शामिल हैं. इस आयोजना क्षेत्र में 22.61 वर्ग किमी शहरी क्षेत्र और शेष 162.86 वर्ग किमी ग्रामीण क्षेत्र है. बताया गया है कि संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सुझावों और आपत्तियों का संधारण सुनिश्चित करते हुए इसे उपलब्ध कराया जाये. साथ ही जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि योजनाबद्ध शहरी विकास में वे अपना योगदान दें.
आंकड़े में आयोजना क्षेत्र का एरिया
सीडी ब्लॉक राजस्व ग्राम क्षेत्रफल शहरी प्रशासनिक क्षेत्रफल
जहानाबाद 42 69.31 01 22.61
काको 53 83.52 00 00
मखदुमपुर 02 5.76 00 00
रतनी-फरीदपुर 01 4.28 00 00
कुल 98 162.86 01 22.61
निर्धारित की गयी है चौहद्दी
उक्त आयोजना क्षेत्र की चौहद्दी भी निर्धारित कर दी गयी है. उत्तर क्षेत्र के पूर्वी भाग में काको सीडी ब्लॉक के सिकरिया, कोशिआंवा, सलेमपुर, लांजो, लोदीपुर, जहानाबाद के सीडी ब्लॉक के सोहे, कड़ौना, सिकरिया, रसलपुर, भिठिया से होते हुए पश्चिमी भाग में मखदुमपुर गांव तक है.
दक्षिणी क्षेत्र के पूर्वी भाग में काको सीडी ब्लॉक के हाटी, रेपुरा, हरहर, बसंतपुर, पिंजौरा, सेरथुआ, मखदुमपुर सीडी ब्लॉक के देकुली, सेरथुआ, जहानाबाद सीडी ब्लॉक के परसबिगहा, दोहिया से होते हुए पश्चिमी भाग में पंडुई है. चौहद्दी के पूरब उत्तरी भाग में काको सीडी ब्लॉक के नारायणपुर, काको, नोनही, पखनपुरा, जमालपुर, मखदुमपुर, सुलेमानपुर, इब्राहिमपुर से होते हुए दक्षिणी भाग में मैनावॉन तक का इलाका है.
चौहद्दी के पश्चिम उत्तर भाग में जहानाबाद सीडी ब्लॉक के ककरिया, सालेमानपुर, कुरमा, रतनी फरीदपुर सीडी ब्लॉक के कसंवा जहानाबाद सीडी ब्लॉक के केनदुआ एवं अमैन से होते हुए दक्षिणी भाग में मोहनपुर तक गांव है.
