बीडीओ ने मुखिया को फंसाया

आक्रोश. सीसीटीवी का फुटेज वायरल होते ही बिफरे महागंठबंधन के नेता, कहा डीएम-एसपी से मिला राजद, जदयू व कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधि मंडल बीडीओ पर एफआइआर दर्ज कर की बरखास्त करने की मांग जहानाबाद : सदर प्रखंड कार्यालय में बीडीओ नौशाद आलम सिद्दीकी और नौरू पंचायत के मुखिया नागेंद्र सिंह उर्फ छोटन यादव के बीच […]

आक्रोश. सीसीटीवी का फुटेज वायरल होते ही बिफरे महागंठबंधन के नेता, कहा

डीएम-एसपी से मिला राजद, जदयू व कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधि मंडल
बीडीओ पर एफआइआर दर्ज कर की बरखास्त करने की मांग
जहानाबाद : सदर प्रखंड कार्यालय में बीडीओ नौशाद आलम सिद्दीकी और नौरू पंचायत के मुखिया नागेंद्र सिंह उर्फ छोटन यादव के बीच हुए विवाद में नया मोड़ आ गया है. प्रखंड कार्यालय में लगे सीसीटीवी के फुटेज वायरल होते ही महागंठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीडीओ के प्रति भारी गुस्सा है. फुटेज में बीडीओ के द्वारा ही मुखिया के साथ दुर्व्यवहार करने की कारस्तानी कैद है. दो दिनों पूर्व बीडीओ के साथ दुर्व्यवहार व मारपीट कर जान मारने की धमकी दिये जाने का आरोप लगाया गया था. इस आरोप के अालोक में बीडीओ के बयान पर नगर थाने में एफआइआर दर्ज की गयी थी और मुखिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.
लेकिन सरकारी सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट है कि बीडीओ ने ही दादागिरी कर मुखिया को न सिर्फ अपमानित किया बल्कि धक्का -मुक्की कर कार्यालय से बाहर धकेल दिया. इस मामले को महागंठबंधन में शामिल राजद, जदयू व कांग्रेस के नेताओं ने काफी गंभीरता से लिया है और गुरुवार को डीएम -एसपी से मिल कर उन्हें ज्ञापन देकर निर्दोष मुखिया को बिना शर्त अविलंब रिहा करने की मांग की है. यह भी मांग की कि बीडीओ पर आपराधिक मुकदमा दर्ज का बरखास्त किया जाये.
उधर मुखिया की पत्नी लीला देवी ने भी अपने पति के साथ अत्याचार किये जाने से संबंधित मामला दर्ज करने हेतु पुलिस को आवेदन दिया है. राजद जिलाध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन राही, पार्टी प्रवक्ता डाॅ शशिरंजन उर्फ पप्पू यादव, विजय मंडल, श्याम नारायण यादव, परमहंस राय, रमेश यादव, जदयू जिलाध्यक्ष जयप्रकाश नारायण, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिनारायण द्विवेदी, उपाध्यक्ष अजय कुमार शिष्टमंडल में शामिल थे.
इंदिरा आवास की गलत सूची बनाने का मुखिया ने किया था विरोध : मुखिया की पत्नी और महागंठबंधन के नेताओं ने कहा है कि इंदिरा आवास सहायक अल्पना कुमारी ने आवास की गलत सूची आम सभा से पास कराने की बात कही थी, जिसका मुखिया ने विरोध किया था. महागंठबंधन के नेताओं का कहना है कि उक्त बीडीओ और एसडीपीओ का आचरण सरकारी कर्मचारी आचरण नियामावली के प्रतिकूल है. दोनों ने एक जनप्रतिनिधि के साथ अमानवीय व्यवहार किया है.
समर्थन में उतरा सभी प्रखंडों का मुखिया संघ : उक्त मामले को लेकर जहानाबाद जिले के सभी प्रखंडों के मुखिया संघ के अध्यक्षों की बैठक गुरुवार को की गयी. अध्यक्षता काको प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष हरिलाल प्रसाद यादव ने की. प्रस्ताव परित कर मुखिया संघ ने सीसीटीवी के फुटेज की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. साथ ही निर्दोष मुखिया को अविलंब रिहा करने और बीडीओ को निलंबित करते हुये उनपर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की है. संघ ने कहा है
कि यदि बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई शीघ्र नहीं हुई तो पूरे जिले के मुखिया संघ जिला प्रशासन के खिलाफ तीव्र विरोध करने पर विवश हो जायेगा. बैठक में हरिलाल प्रसाद यादव के अलावा, घोसी मुखिया संघ के अध्यक्ष संजीत कुमार, मखदुमपुर के अजय सिंह यादव, रतनी फरीदपुर के रामदेव प्रसाद यादव, हुलासगंज के संजय कुमार और जहानाबाद प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष बब्लू कुमार उपस्थित थे.
थाने में लटका कर मुखिया की बेरहमी से पिटाई करने का लगाया आरोप
बैठक करते मुखिया संघ के अध्यक्ष व प्रेस वार्ता करते महागठबंधन के नेता.
अधिकारियों ने किया मानवाधिकार का उल्लंघन : विधायक
स्थानीय विधायक मुंद्रिका सिंह यादव ने नौरू पंचायत के मुखिया के साथ हुई घटना की निंदा की है. जहानाबाद जेल में जाकर विधायक उक्त मुखिया से मिले. विधायक ने बयान जारी कर बताया कि एक जनप्रतिनिधि को पदाधिकारी के द्वारा कार्यालय से बाहर मारपीट करना और थाने के हाजत से बाहर निकालकर एक अपराधी की तरह पीटना मानवाधिकार का घोर उल्लंघन है. उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरी घटना की जांच राज्यस्तरीय पदाधिकारियों से कराने की मांग की है.
लोजपा ने भी की घटना की निंदा
लोक जनशक्ति पार्टी अत्यंत पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नरेश प्रसाद चंद्रवंशी ने मुखिया को जेल भेजे जाने की घटना की निंदा की है. कहा है कि बीडीओ और इंदिरा आवास सहायक अल्पना कुमारी के द्वारा आवास के आवंटन में गड़बड़ी की जा रही थी. घूस और लूट- खसोट का बाजार गर्म था, जिसका मुखिया ने विरोध किया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >