जिला कुष्ठ नियंत्रण इकाई ने कार्यक्रम का किया आयोजन
यक्ष्मा रोग की जांच के लिए 17 बंदियों के लिए गये एस्पोटम के नमूने
जहानाबाद : जिले के काको स्थित मंडल कारा में बंद बंदियों के स्वास्थ्य की हालत कैसी है उनमें कुष्ठ रोग से पीडित बंदी हैं या नहीं. यक्ष्मा रोग के भी बंदी हैं या नहीं. इसकी जांच के लिए बुधवार को जेल में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कुष्ठ जांच अभियान चलाया गया. जिला कुष्ठ नियंत्रण इकाई के तत्वावधान में अभियान चलाया गया था. इस दौरान जेल में बंद बंदियों को स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक भी किया गया. उन्हें नसीहत दी गयी कि वे अपने-अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें. किसी भी तरह की बिमारी होने पर जेल में उपलब्ध अस्पताल के डाक्टर से संपर्क करें और दवा का सेवन करें.
बुधवार को विशेष तौर पर कुष्ठ जांच अभियान का आयोजन किया गया था. जिला कुष्ठ नियंत्रण (लेप्रोसी)प्रभारी डा. केके सिंह के नेतृत्व में काको मंडल कारा में गयी स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने कई बंदियों की जांच की. इस दौरान यक्ष्मा रोग के संभावित पीडित 17 बंदियों की भी जांच कर टेस्ट कराने के लिए उनके एस्पोटम (खखार)के नमूने लिये गये. रिपोर्ट आने पर पता चलेगा कि बंदियों को यक्ष्मा रोग है या नहीं यदि यक्ष्मा रोग से पीडित मरीज पाये गये तो उनके समूचित इलाज की व्यवस्था की जायेगी. इस मौके पर कई वैसे वंदियों की भी जांच की गयी जिन्हें मौसमी बीमारी की शिकायत थी. उनके स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें दवा उपलब्ध करायी गयी. जेल सुपरिटेंडेंट रामचन्द्र प्रसाद ने स्वास्थ्य परीक्षण की पुष्टि करते हुये बताया कि बंदियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की कई महत्वपूर्ण टिप्स दिये गये हैं.
