लालगंज सदर : प्रखंड क्षेत्र के घटारो मध्य पंचायत के रौदीपोखर गांव की मुख्य सडक हल्की बारिश में ही दल-दल में तब्दील हो जाती है. आवागमन की समस्या भुगत रहे स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनाने के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों व विभाग से कहा गया. किसी ने इस ओर ध्यान देना उचित नहीं समझा है. रौदीपोखर गांव में करीब 2 सौ से ढाई सौ घरों की आबादी रहती है. यह मार्ग आवागमन के लिए इस गांव का प्रमुख रास्ता है.
इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों के आने-जाने के लिए यही इकलौता रास्ता है. कच्चा मार्ग होने के कारण हल्की सी बरसात में यह मार्ग न केवल कीचड़ में तब्दील में हो जाता है, बल्कि सामान्य मौसम में भी यहां जलजमाव की समस्या रहती है. इन दिनों बरसात के कारण कीचड़ होने पर इस रास्ते से निकलने में ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. सबसे अधिक मुसीबत छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल पहुंचने में हो रही है.
कई बार तो चार पहिया वाहन भी फिसलकर सड़क के नीचे आ गयी. स्थानीय ग्रामीण रंधीर सिंह, नवल सिंह, राजकिशोर सिंह, प्रमोद सिंह, टुनु सिंह, राजू सिंह, प्रभात सिंह आदि ने अविलंब इसके मरम्मत की मांग की है.
