विज्ञान भवन का भी किया उद्घाटन
जहानाबाद नगर : स्थानीय स्वामी सहजानंद महाविद्यालय परिसर में महाविद्यालय के संस्थापक सचिव सह स्वतंत्रता सेनानी पूर्व सहकारिता मंत्री स्व शत्रुघ्न शरण सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण हुआ.
साथ ही एमएससी कंप्यूटर लैब का उद्घाटन हुआ. सूबे के शिक्षा तथा विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी मंत्री डाॅ अशोक चौधरी द्वारा प्रतिमा का अनावरण एवं लैब का उद्घाटन किया गया. मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो डाॅ मो इश्तेयाक की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने महाविद्यालय के समूचित एवं गुणात्मक विकास के लिए हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया. उन्होंने अपने कोष से एक करोड़ रुपया महाविद्यालय के विकास के लिए देने की घोषणा की. मंत्री ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से मन लगा कर पढ़ने की अपील की. उन्होंने जल्द ही उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी सुधार की बात कही.
इस मौके पर कुलपति ने महाविद्यालय के विकास में अपनी और विश्वविद्यालय की ओर से नियमानुकूल मदद करने की बात कही. सत्तारूढ़ दल के सचेतक सह विधान पार्षद दिलीप चौधरी ने शिक्षा की गुणवत्ता एवं सुधार पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में मंत्री जी के नेतृत्व में सुधार एवं विकास जारी है. आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए प्राचार्य प्रो डऍ दिनेश प्रसाद सिन्हा ने कॉलेज के विकास में कोई कोर- कसर नहीं छोड़ने की बात कही. आगत अतिथियों के साथ ही पूर्व प्राचार्य श्रीकांत शर्मा, अरुण कुमार, चंद्रभूषण शर्मा आदि को भी सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं के स्वागत गान से हुई. इस मौके पर कार्यक्रम का संचालन डाॅ सियाशरण शर्मा द्वारा किया गया.
धन्यवाद ज्ञापन अंजनी घोष ने किया. इस अवसर पर डाॅ वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रो श्यामाकांत शर्मा, प्रो उपेंद्र कुमार सहित कई शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी उपस्थित थे. इधर, जहानाबाद कॉलेज प्रांगण में नवनिर्मित विज्ञान भवन का उद्घाटन शिक्षा मंत्री द्वारा किया गया. चहारदीवारी निर्माण का शिलान्यास भी किया गया.
इससे पूर्व जहानाबाद आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिलाध्यक्ष हरिनारायण द्विवेदी की अध्यक्षता में शिक्षा मंत्री का स्वागत किया गया. वहीं मां कमला चंद्रिका जी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के अंतर्गत संचालित सिद्धार्थ टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के समीप कॉलेज के सचिव डाॅ संजय कुमार के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री का स्वागत पुष्प गुच्छ एवं शाल देकर किया गया. मौके पर डॉ गिरिजा प्रसाद, प्रो जयकांत कुमार, कॉलेज के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
