बाढ़ का कहर. दरधा नदी के उफान में डायवर्सन बहने से बढ़ी परेशानी
जहानाबाद नगर : दरधा नदी में आयी उफान के कारण एनएच 110 पर अलगना मोड़ के समीप दरधा नदी में बना डायवर्सन बह जाने से उक्त मार्ग पर वाहनों का परिचालन बाधित हो गया है. जहानाबाद से काको, बंधुगंज, नालंदा, नवादा, एकंगरसराय आदि स्थानों के लिए जाने वाले वाहनों का परिचालन ठप हो जाने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है. निजामुद्दीनपुर के समीप दरधा नदी में एनएच 110 पर पुल निर्माण को लेकर डायवर्सन का निर्माण कराया गया था,
जिससे होकर विगत छह वर्षों से वाहनों का परिचालन हो रहा था. शुक्रवार को दरधा में आये उफान ने शनिवार होते होते अपना विकराल रूप धारण कर लिया जिसके कारण डायवर्सन नदी के तेज बहाव में बह गया. डायवर्सन बह जाने के कारण दर्जनों गांवों के लोगों को बाजार आने जाने में लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है.
डायवर्सन बह जाने के कारण आवाजाही प्रभावित हो रही है. जहानाबाद से काको, बंधुगंज, तेलहाड़ा, एकंगरसराय, बिहारशरीफ, मोदनगंज सहित कई जगहों पर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है. अब लोगों को कई किलोमीटर अधिक दूरी तय कर जिला मुख्यालय आना पड़ रहा है. वहीं दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को आने जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर रात के समय मरीजों को अस्पताल ले जाने में काफी परेशानी हो रही है.
अन्य मार्गों से हो रहा वाहनों का परिचालन : दरधा नदी में बना डायवर्सन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण वाहनों का परिचालन अन्य मार्गों से हो रहा है. जहानाबाद से काको की ओर जाने वाले वाहन अब घोसी मार्ग से होकर परिचालित हो रहे हैं. हालांकि वाहनों को कई किलोमीटर अधिक दूरी तय करना पड़ रहा है. वहीं काको रोड के कई गांवों के लोगों को वाहनों के बजाय पैदल जिला मुख्यालय आना पड़ रहा है.
पहले भी टूट चुका है डायवर्सन :दरधा नदी में निजामुद्दीनपुर गांव के समीप बना डायवर्सन पूर्व में भी टूट चुका है. जिसके कारण कई दिनों तक उक्त मार्ग पर यातायात बाधित रहा था. करीब एक पखवारे के इंतजार के बाद जिला प्रशासन द्वारा डायवर्सन की मरम्मत करायी गयी थी .जिसके बाद जहानाबाद एकंगरसराय मार्ग पर यातायात बहाल हुआ था. शनिवार को दरधा नदी में आयी उफान के कारण एक बार फिर डायवर्सन क्षतिग्रस्त हो गया जिसके कारण उक्त मार्ग पर वाहनों का परिचालन बाधित है.
