जहानाबाद नगर : शिक्षक नियोजन की जांच कर रहे निगरानी को नियोजित शिक्षकों का फोल्डर उपलब्ध कराने को लेकर डीपीओ स्थापना रंजीत पासवान ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के साथ बैठक की. बैठक में नियोजित शिक्षकों का फोल्डर शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में बीइओ को निर्देशित किया गया कि प्रखंड नियोजन इकाई के तहत नियोजित कई शिक्षकों का फोल्डर अब तक निगरानी जांच के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया है. ऐसे में जांच में कठिनाई को देखते हुए विभाग द्वारा बार-बार पत्राचार किया जा रहा है. ऐसे शिक्षकों का फोल्डर शीघ्र उपलब्ध कराने के साथ पंचायत नियोजन इकाई से भी शिक्षकों का फोल्डर उपलब्ध कराया जाये.
मालूम हो कि जिले में 1200 से अधिक ऐसे शिक्षक है जिनका फोल्डर अब तक निगरानी जांच के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया है. वहीं फोल्डर जमा नहीं कराने वाले 58 नियोजन इकाइयों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है. फिर भी नियोजित शिक्षकों का फोल्डर जमा नहीं हो रहा है. बैठक में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शामिल थे.
