नुकसान. झोंपडियां व घरों में लगे करकट उखड़े, धराशायी हो गये कई वृक्ष
शहर में कुछ देर के लिए मची अफरा-तफरी
गांधी मैदान में बापू की प्रतिमा टूटकर गिरी
जहानाबाद :गुरूवार की शाम करीब चार बजे तेज आंधी पानी के कारण पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. अचानक तेज आंधी पानी में शहर की सुरत बिगाड़ दी वहीं इस आंधी पानी में लाखों का नुकसान भी हुआ. हवाओं के तेज झोंकों ने कहर बरपाते हुये कई झोपड़ियां तथा घर की छतों पर लगा करकट व पानी की टंकी अपने साथ उड़ा ले गया. शहर के कचहरी इलाके में आंधी पानी से सबसे अधिक नुकसान हुआ है.
हवा के तेज झोकों के कारण कई पेड़ों की डाली टूटकर गिर पड़ी. वहीं कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गया. जिले में गुरुवार के शाम आयी आंधी पानी ने शहर की सूरत बिगाड़ दी है. महीनों से जारी भीषण गरमी से हलकान लोग को तेज गति से आयी आंधी के साथ पानी से कुछ समय के लिए राहत की सांस मिली है. आसमान से गिरी बारिश की बूंद से मौसम सुहाना हो गया है. मौसम सुहाना होते ही शहर के लोग अपने-अपने घरों की छत पर चढ़ कर ठंडी हवा में टहल रहे थे.
महीनों बाद बारिश की फुहार से आम लोग सुकुन की सांस ले रहे थे. हालांकि तेज हवा के साथ आयी आंधी पानी से शहर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा. बाजारवासी तेज हवा के साथ उड़ते धूलकण से बचने के लिए सुरक्षित स्थान पर भागते दिखे. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ आये पानी से कुछ देर के लिए अफरा तफरी मची रही. तेज आंधी से शहर के कई कार्यालय परिसर में पेड़ की डाली टूट कर गिर गयी.
समाहरणालय परिसर में बीच रास्ते पर पेड़ का डाली टूटकर गिर गयी. जिससे रास्ता अवरुद्ध हो गया. अनुमंडल कार्यालय के मेन गेट पर भी पेड़ की डाली टूट कर गिर गयी. जिला पार्षद कार्यालय के बगल में पेड़ की टहनी टूट कर गिरा पड़ा . बतीश भवरिया के समीप सड़क किनारे लगाये गये दुकान के सभी झोपड़ी हवा में उड़ गया. झोपड़ी व करकट उड़ने से हजारों का नुकसान होने की सूचना है. गांधी मैदान स्थित गांधी जी के प्रतिमा पर पेड़ के डाली टूट कर गिर गयी जिससे महात्मा गांधी की मूर्ति क्षतिग्रस्त हो गयी. को-ऑपरेटिव बैंक परिसर में पेड़ के नीचे लगे वाहन पर डाली टूट कर गिर गयी.
वहीं स्टेट बैंक,अरवल मोड़, स्टेशन, गया मोड़ सहित कई जगहों पर लगे दो पहिया वाहन भी तेज हवा के कारण गिर पड़े थे. दो पहिया वाहन के जमीन पर गिरने व आपस में टकराने के कारण कई वाहनों के सामान टूट गये. शहर की दुकान के आगे लगी होर्डिंग तेज आंधी के कारण उखड़ गयी.
सड़क पर पेड़ गिरने व बिखरे बोर्ड की वजह से कुछ देर के लिए कई जगहों पर शहर में आवागमन बाधित रहा. बारिश छूटने के बाद लोग अपने-अपने बोर्ड व होर्डिंग ठीक करने में जूट गये. तेज आंधी आने के बाद शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी चरमरा गयी है. बिजली नहीं रहने की वजह से लोग कार्यालय से लेकर आवास तक जेनरेटर का सहारा लिया. वहीं कई मुहल्लों में लोग घर में लगे इंवर्टर से रोशनी जलायी
आंधी से अहिंसा के पुजारी की प्रतिमा टूटकर गिरी :गुरुवार की शाम चार बजे शहर में आयी तेज आंधी पानी ने अफरा-तफरी मचा दिया. तेज आंधी पानी से भारी नुकसान हुआ है. गांधी मैदान स्थित गांधी पार्क में लगा अहिंसा के पुजारी की प्रतिमा भी टूटकर गिर पड़ा जिसे सुरक्षित उठाने के लिए काफी संख्या में लोग एकत्रित हुये. गांधी जी की प्रतिमा टूट कर गिरने से प्रतिमा को भी काफी नुकसान हुआ है.
