पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर राजस्व वसूली करायी जाये
भूमिहीनों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करें
राजस्व की बैठक में सीओ को डीएम ने दिया निर्देश
जहानाबाद नगर : समाहरणालय में राजस्व की बैठक जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में न्यायालय से संबंधित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश देते हुए डीएम ने सभी अंचलाधिकारियों से कहा कि कोर्ट से संबंधित मामलों में लापरवाही नहीं बरती जाये. बल्कि मामलों का निर्धारित समय सीमा के अंदर निष्पादन किया जाये.
बैठक में राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि राजस्वकर्मियों को पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर राजस्व वसूली कराया जाये. वहीं अभियान बसेरा तथा दखल देहानी के संबंध में चर्चा करते हुए डीएम ने सभी अंचलाधिकारियों से इस अभियान के बारे में जानकारी प्राप्त की. डीएम ने निर्देश दिया कि भूमिहीनों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाये. साथ ही जिन भूमिहीनों को परचा दिया गया है
उन्हें जमीन पर दखल भी दिलाया जाये. ऐसी शिकायतें मिलती रही है कि प्रशासन द्वारा जमीन का परचा तो दे दिया गया लेकिन जमीन पर कब्जा परचाधारी को नहीं दिलाया गया. ऐसे में उक्त जमीन किसी और के कब्जे में रहता है. जिसका लाभ परचाधारी को नहीं मिल पाता है.
डीएम ने अभियान बसेरा तथा दखल देहानी को गंभीरता से लेते हुए इसे सफल बनाने का निर्देश दिया. बैठक में अपर समाहर्ता रमेश चंद्र झा, भूमि सुधार उपसमाहर्ता व सभी अंचलाधिकारी उपस्थित थे.
