जीर्णोद्धार की बाट जोह रहा बभना तालाब
जहानाबाद नगर : नगर पर्षद क्षेत्र में रहनेवाले लोग अब भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं. समस्याओं से कराहता शहर के वार्ड नंबर दो बभना के लोगों का बुरा हाल है. ड्रेनेज व सिवरेज सिस्टम ध्वस्त रहने के कारण गांव से निकलनेवाली नालियों का पानी मुख्य सड़क पर बहता रहता है. कहने को तो यह वार्ड जहानाबाद-अरवल एनएच 110 पर अवस्थित है, लेकिन इस वार्ड की समस्याएं अनेक हैं. मुख्य सड़क के किनारे महादलित परिवार निवास करते हैं.
इनके घरों से निकलनेवाली नालियों का पानी सड़क पर बहता है. यूं तो वार्ड नंबर दो की अधिकतर गलियों में पीसीसी तथा नाली का निर्माण कराया गया है, जो रात में भी चकाचक दिखता था, फिलहाल ये गलियां भी बल्ब के अभाव में अंधकारमय हैं. जब तक एनएच किनारे नाले का निर्माण नहीं कराया जाता तब तक वार्ड के लोग जलजमाव की समस्या से जूझते ही रहेंगे.
गरीब -गुरबों की इस बस्ती में पेयजल की समस्या भी गंभीर है. इस वार्ड में न तो अब तक जलमीनार का निर्माण कराया गया है और न ही पानी सप्लाइ की व्यवस्था की गयी है. वहीं बिजली का जर्जर तार भी वार्ड के लोगों के लिए परेशानी का सबब बना है. अक्सर तार टूटने की समस्या उत्पन्न होती है जो दुर्घटना का कारण भी बना है.
बभना में एनएच पर बहता है नाले का पानी
कहते हैं वार्ड पार्षद
कुछ स्थानों पर नाली-गली का निर्माण नहीं हुआ है जिसे शीघ्र कराया जायेगा. ड्रेनेज के निर्माण पर ग्रामीणों ने रोक लगा दी. सघन आबादी के बावजूद बिजली का तार जर्जर है जिसे बदलने के लिए कई बार विभाग से अनुरोध किया गया है़
राजेश कुमार
वार्ड में विकास का कार्य कराया गया है. नाली व गली का निर्माण हुआ है जिससे वार्ड के लोगों को काफी राहत मिली है. अब लोगों को मूलभूत समस्याओं से जूझना नहीं पड़ रहा है
शकुंतला देवी
जलनिकासी की समस्या सबसे गंभीर है. ड्रेनेज सिस्टम नहीं रहने के कारण जलजमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है. वार्ड के लोगों को ग्रामीण फीडर से बिजली मिलती है यह भी एक गंभीर समस्या है
पिंटु कुशवाहा
पानी टंकी का निर्माण नहीं होने से लोगों को सप्लाई का पानी नसीब नहीं हो रहा है. बार बार आश्वासन तो मिलता है लेकिन सप्लाई का पानी कब मिलेगा इसका इंतजार रहेगा
योगेंद्र प्रसाद सिंह
वार्ड में गली नाली का निर्माण कराया गया है. लाइट भी लगायी गयी है , लेकिन कुछ लाइटों के फ्यूज रहने के कारण गलियां अंधेरे में डूबी रहती हैं़
चंदन कुमार
