डेढ़ मन महुआ जब्त, एक धराया
बिक्री के लिए ले जा रहे कारोबारी को भेजा गया जेल
झारखंड से पटना के धनरूआ इलाके में ले जाया जा रहा था अवैध महुआ
दो माह से कर रहा था महुआ का कारोबार
गिरफ्तार युवक विगत दो महीने से इस अवैध धंधे में संलिप्त था. धंधा का जरिया ट्रेन को बनाये हुए था. कभी हटिया-पटना, कभी गंगा दामोदर, तो कभी पलामू एक्सप्रेस ट्रेन से महुआ लाया जा रहा था. पूर्णत: शराबबंदी के बाद शराब बनाने के लिए महुआ की डिमांड बढ़ गयी है.
उसने पुलिस को बताया कि इन दिनों दो से ढाई सौ रुपये प्रति किलो की दर से दारू बनाने वाले महुआ खरीद ले रहे हैं. मुनाफा कमाने के लिए वह कभी झोला में तो कभी पॉलीथीन बैग में चार पांच किलो महुआ लाकर अपने इलाके में बेचता था. इस बार अधिक मुनाफा कमाने के लिए वह बड़े पैमाने पर महुआ ट्रेन से ला रहा था. लेकिन गुप्त सूचना के आलोक में वह पकड़ा गया.
जहानाबाद : सूबे में पूर्णत: शराबबंदी कानून लागू होने के बाद अवैध शराब और महुआ के कारोबारियों ने ट्रेनों को अपने अवैध व्यवसाय का जरिया बना लिया है.
अब ट्रेनों पर कोयले के साथ-साथ महुआ लाद कर लाया जा रहा है. झारखंड से आनेवाली एक्सप्रेस ट्रेनों में इस तरह का अवैध कारोबार शुरू किया गया है. इसकी गुप्त सूचना पाकर जहानाबाद जीआरपी और आरपीएफ ने सोमवार की सुबह कार्रवाई की जिसमें और पुलिस को सफलता मिली.
रेल पुलिस ने अहले सुबह हटिया-पटना डाउन एक्सप्रेस ट्रेन की चेकिंग की. इस दौरान ट्रेन गार्ड के बगल वाले डब्बे की जांच के दौरान एक सीट के नीचे छिपाकर रखे गए तीन बोरे में बंद करीब 60 किलो महुआ जब्त किया गया. साथ ही धर्मेंद्र प्रसाद नामक एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया. पकड़ा गया युवक पटना जिले के धनरूआ थानान्तर्गत बरबीघा गांव का निवासी है. जीआरपी के सब इंस्पेक्टर शकुंतला किस्कु के नेतृत्व में कुंदन कुमार और आरपीएफ के जवान इस चेकिंग अभियान में शामिल थे.
गिरफ्तार युवक ने कबूला अपना अपराध: महुआ का अवैध कारोबार करने के आरोप में गिरफ्तार युवक धर्मेंद्र प्रसाद ने अपना अपराध रेल पुलिस के समक्ष स्वीकार किया है. उसने पुलिस को बताया कि वह झारखंड से महुआ खरीदा था और उसे बेचने के लिए धनरूआ ले जा रहा था. पहले तो उसने सोचा कि सिपाही को कुछ रुपये देकर वह महुआ बचा लेगा.
यह सोच कर एक आरक्षी के द्वारा बोरे के संबंध में पूछे जाने पर उसने अपने को महुआ भरा बोरे का मालिक बताया .लेकिन जब वह कई पुलिसकर्मियों को देखा तो भागने की कोशिश की, जिसे खदेड़ कर पकड़ लिया गया. इस संबंध में जहानाबाद रेल थाने में 47 ए उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार अवैध कारोबारी को गया जेल भेज दिया गया है.
