जहानाबाद नगर : भारतीय रेडक्राॅस सोसाइटी के निर्विरोध निर्वाचित 10 सदस्यीय प्रबंध समिति के सदस्यों को शपथ दिलायी गयी. समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह द्वारा सदस्यों को शपथ दिलायी गयी. ज्ञातव्य हो कि पिछले कई वर्षों से प्रबंध समिति का चयन लंबित चल रहा था. भारतीय रेडक्राॅस सोसाइटी के नये मार्गदर्शिका के अालोक में एक दस सदस्यीय प्रबंध समिति का चुनाव के द्वारा गठन किया जाना होता है.
इसी परिप्रेक्ष्य में कुल 14 आवेदन जिला इकाई के पास आये थे जिसमें 01 आवेदन रद्द घोषित कर दिया गया था तथा अन्य तीन आवेदनों को स्वेच्छा से वापस लिया गया था. शेष 10 आवेदन बच गये थे. इस तरह से चुनाव करने की जरूरत नहीं पड़ी तथा सभी सदस्यों को निर्विरोध चुन लिया गया. इस सभी निर्विरोध चयनित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ जिलाधिकारी ने दिलायी . इस सभी सदस्यों के द्वारा सर्वसम्मति से चेयरमैन, वाइस चेयरमैन एवं कोषाध्यक्ष का भी चयन किया गया. जिलाधिकारी ने उपाध्यक्ष के पद पर अनुमंडल पदाधिकारी को मनोनीत किया है,
जबकि प्रो सत्येंद्र कुमार अध्यक्ष चुने गये वहीं मुकेश प्रसाद को उपाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद को कोषाध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी गयी . विश्वनाथ प्रसाद, दीप कुमार, रामलखन प्रसाद देवेंद्र शर्मा, डाॅ अवधेश प्रसाद सिंह, राजाराम प्रसाद, सुरेंद्र शर्मा को सदस्य मनोनीत किया गया है.
