जहानाबाद : इश्क में साथ जीने-मरने की कसमें खाने के बाद जब प्रेमिका ने प्रेमी को धोखा दिया, तब प्रेमी उसे बर्दाश्त नहीं कर सका. फिर अपनी जान देने रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया. ट्रेन चालक की नजर उस पर पड़ गयी और चालक के सूझ-बूझ से प्रेमी की जान बच गयी. पटना-गया रेलखंड के जहानाबाद रेलवे स्टेशन के समीप कनौदी पेट्रोल पंप के पास रेलवे ट्रैक पर सोमवार की सुबह एक युवक अपनी जान देने पहुंच गया. इस दौरान पटना से रांची जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस को आते देख युवक रेलवे ट्रैक पर बैठ गया, ताकि ट्रेन से कटकर वह अपनी जान दे दे.
हालांकि, ट्रेन चालक की नजर ट्रैक पर बैठे युवक पर पड़ गयी और चालक इमरजेंसी ब्रेक लगाते हुए ट्रेन को रोक दिया. जिससे युवक की जान बच गयी. ट्रेन रुकते-रुकते युवक के समीप पहुंच गया, जिससे ट्रैक पर बैठे युवक को ठोकर लगी जिससे उसे हल्की चोटें आयीं. जिसके बाद स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गये. युवक शकुराबाद थाना क्षेत्र के दयालचक निवासी चंदन प्रसाद सिंह का पुत्र अजीत कुमार (22 वर्ष) है. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गये. निजी अस्पताल में इलाज के बाद परिजन युवक को अपने साथ घर ले गये.
