आय से अधिक संपत्ति के मामले में पंचायत सेवक के दो घरों में छापा
जहानाबाद : आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में शुक्रवार को पटना से आयी आर्थिक अपराध अनुसंधान इकाई के पदाधिकारियों ने पंचायत सेवक देवेंद्र कुमार के दो घरों में छापेमारी की. उक्त व्यक्ति मोदनगंज प्रखंड की जयतीपुर पंचायत में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत है. इस दौरान दो टीमों में शामिल अफसरों […]
जहानाबाद : आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में शुक्रवार को पटना से आयी आर्थिक अपराध अनुसंधान इकाई के पदाधिकारियों ने पंचायत सेवक देवेंद्र कुमार के दो घरों में छापेमारी की. उक्त व्यक्ति मोदनगंज प्रखंड की जयतीपुर पंचायत में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत है. इस दौरान दो टीमों में शामिल अफसरों ने मखदुमपुर प्रखंड कार्यालय में भी जाकर उनके बारे में तहकीकात की. पंचायत सेवक पूर्व में मखदुमपुर ब्लॉक में भी पदस्थापित थे. इस कार्यालय में अधिकारियों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिलकर उनके कार्यकाल के समय की कुछ अहम जानकारियां प्राप्त कीं.
छापेमारी जहानाबाद शहर के श्रीकृष्णपुरी कॉलोनी एवं परसबिगहा थाना क्षेत्र के कसवां गांव स्थित उनके घरों में की गयी. छापेमारी में कुछ अहम दस्तावेज मिले हैं. एसडीपीओ प्रभात भूषण श्रीवास्तव ने सिर्फ इतना बताया कि छापेमारी के क्रम में पंचायत सेवक के घर से कुछ दस्तावेज प्राप्त हुए हैं. इससे अधिक जानकारी किसी अन्य अधिकारी ने नहीं दी.
बताया गया है कि सुबह करीब आठ बजे से लगातार तकरीबन 10 घंटे तक टीम में शामिल अधिकारियों ने मामले की जांच की. खबर के अनुसार, मखदुमपुर थाना क्षेत्र के सेरथुआ निवासी सुरेंद्र शर्मा नामक व्यक्ति ने पूर्व में उक्त पंचायत सेवक पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगा कर जिला प्रशासन को जांच के लिए आवेदन दिया था.
बताया गया है कि बाद में यह मामला आर्थिक अपराध अनुसंधान इकाई के पास पहुंचाया गया था. इसी परिप्रेक्ष्य में इकाई के इंस्पेक्टर संजय कुमार के नेतृत्व में एएसआई रंधीर कुमार समेत अन्य कई अधिकारियों की दो टीमें मामले की जांच करने जहानाबाद पहुंचे थे और इस दौरान उनके घरों में छापेमारी की.