अगली सीट पर बिना रॉड लगाये कर रहे परिचालन
32 ऑटो पर जुर्माना वसूली की कार्रवाई भी की गयी थी
जहानाबाद सदर : जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश का ऑटो चालकों द्वारा पालन नहीं किया जा रहा है तथा अगली सीट पर बिना रॉड लगाये परिचालन तो कर ही रहे हैं, अगली सीट पर यात्री को भी बैठा रहे हैं.
डीटीओ ने ऑटो चालकों को अगली सीट के दायीं ओर रॉड लगाने तथा अगली सीट पर यात्री को नहीं बैठाने का सख्त निर्देश दिया था तथा शहरी क्षेत्र में ऑटो चालकों के खिलाफ इसके लिए अभियान भी चलाया गया है तथा 32 ऑटो पर जुर्माना वसूली की कार्रवाई भी की गयी थी. कार्रवाई के भय से कुछ ऑटो चालकों द्वारा ऑटो के अगली सीट के दायीं ओर रॉड लगवाया गया था लेकिन ऑटो चालकों द्वारा अगली सीट पर यात्रियों को बैठाने का काम अब भी जारी है.
नगर सेवा में चलने वाले कुछ ऑटो को छोड़ दिया जाये तो अधिकतर ऑटो चालकों द्वारा अगली सीट की दायीं ओर रॉड नहीं लगवाया गया है. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में चलने वाले विक्रम टेंपो की स्थिति भी वैसी ही है.
क्या कहते हैं पदाधिकारी
ऑटो चालकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. सभी ऑटो चालकों को अगली सीट पर यात्री को नहीं बैठाने तथा ड्राइवर की दायीं ओर रॉड लगाने का निर्देश दिया गया है. नियम का पालन नहीं करने वाले ऑटो चालकों पर कार्रवाई की जायेगी.
धीरेंद्र कुमार, डीटीओ
