काको : मोबाइल फोन पर धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है. जानकारी के अनुसार अमथुआ पंचायत की मुखिया प्रमिला देवी से करीब तीन माह पूर्व फोन पर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गयी थी. रंगदारी नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने धमकी भी दी गयी थी. मुखिया ने इसकी सूचना थाने को दी थी. मामला दर्ज कर काको थाने की पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर अपराधियों को पकड़ने के लिए उस नंबर को सर्विलांस पर ले रखा था,
जिससे रंगदारी की मांग की गयी थी. दो दिनों पूर्व भी उक्त मुखिया से उनके फोन पर फिर से रंगदारी मांगी गयी थी. पुलिस मंगलवार को छापेमारी कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है. हालांकि थानाध्यक्ष ने फिलहाल इस संबंध में कुछ भी बताने से इन्कार किया है. वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हिरासत में लिए गये लोगों में से एक सिकरिया गांव का निवासी है. यह भी बताया जाता है कि मुखिया के अलावा जहानाबाद शहर के एक रेस्टोरेंट संचालक से भी रंगदारी मांगने के मामले में उसकी संलिप्तता है.
