दिनदहाड़े फायरिंग कर जान से मार देने की धमकी देने का लगाया आरोप
जहानाबाद : नगर थाना क्षेत्र के निजामुउद्दीनपुर में बुधवार को हथियारबंद लोगों ने संजय कुमार नामक युवक को दिनदहाड़े पिस्तौल की बट और लोहे की रॉड से मारकर घायल कर दिया और फायरिंग कर दहशत फैला दिया. युवक को जख्मी करने के बाद उसकी जेब से साढ़े छह हजार रुपये और गले से सोने का लॉकेट छीन लिया. घायल व्यक्ति टेनीबिगहा का निवासी है जिसका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया. घटना की सूचना पुलिस को दी गयी है,
जिसमें चार को नामजद और 10-12 अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया. घायल व्यक्ति ने पुलिस को बताया है कि वे निजामुउद्दीनपुर स्थित अपनी जमीन पर गये थे तो देखा कि हथियारों से लैस आरोपितों का समूह उनकी जमीन की मापी करा रहा है. उन्होंने मापी करने से मना किया तो अभियुक्तों ने उनके सीने में पिस्तौल सटा दी और जमीन की चर्चा करने पर गोली मारने की धमकी दी. जख्मी युवक का कहना है कि इसके बाद हथियारबंद लोगों ने मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और 15 हजार रुपये मूल्य के सोने के लॉकेट और साढ़े छह हजार रुपये लूट लिया. सूचना पाकर जब उसके परिवार के लोग घटनास्थल पर जुटे तो अभियुक्तों ने फायरिंग कर दहशत कायम की और धमकी देकर भाग निकले.
