जहानाबाद : दीपावली को लेकर जिले में चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत काको, शकुराबाद, घोसी और मखदुमपुर थानों की पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया. इसमें एक हत्याकांड का आरोपित शामिल है.
प्राप्त खबर के अनुसार, काको के थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बसु के नेतृत्व में सशस्त्र बलों ने ज्ञानी बिगहा गांव के निवासी दिनेश यादव को गिरफ्तार किया. इसकी गिरफ्तारी शकुराबाद स्थित उसकी ससुराल से हुई. बताया गया है कि जमीन विवाद को लेकर दो माह पूर्व एक व्यक्ति की हत्या कर दी गयी थी.
इसमें दिनेश यादव को अभियुक्त बनाया गया था. उस वक्त से वह फरार था. ससुराल में ठहरे रहने की सूचना पाकर पुलिस ने उसे धर दबोचा. इसके अलावा महम्मदपुर गांव के निवासी लाल बिहारी की गिरफ्तारी हुई है.
घोसी थाने की पुलिस ने गोलकपुर गांव में छापेमारी कर अजय प्रसाद को गिरफ्तार किया. इसके विरुद्ध कोर्ट से गैरजमानतीय वारंट निर्गत था. शकुराबाद थाने की पुलिस ने मीरगंज गांव के निवासी और मारपीट के आरोपित पप्पू यादव के अलावा इसी गांव से सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार किया. इसके विरुद्ध कुर्की -जब्ती का वारंट निर्गत था.
मखदुमपुर थाना क्षेत्र से दो वारंटियों की गिरफ्तारी हुई है. इधर, शकुराबाद थाने की पुलिस ने करौता गांव के निवासी शिवा साव और सिकंदरा निवासी राजू बिंद को छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया.
