जहानाबाद : रेल एसपी जितेंद्र मिश्र ने शनिवार को जहानाबाद रेल थाने का निरीक्षण किया. इस दौरान थाना और रेल परिसर में गंदगी व अतिक्रमण देख वह भड़क गये और थानाध्यक्ष शकुंलता किस्कू को फटकार लगायी. उन्होंने साफ कहा कि रेलवे कैंपस में दुकानें लगाकर किये गये अतिक्रमण को शीघ्र हटायें और थाना व आसपास फैली गंदगी को दूर करें. एसआरपी ने यह भी कहा कि वे कभी भी औचक निरीक्षण कर सकते हैं. यदि स्थिति में सुधार नहीं पाया गया तो थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की जायेगी.
रेल एसपी 12 बजे दिन में आये थे. तकरीबन दो घंटे तक किये गये निरीक्षण के क्रम में उन्होंने रेल थाने के रेकॉर्ड की जांच की. थाने के विभिन्न कक्षों के अलावा संपतिमूलक अपराध कांडों की सूची (सीडी पार्ट 02)और माल खाना पंजी, थाना के महिला व पुरुष हाजत के अलावा बैरक का भी निरीक्षण किया. दर्ज कांडों की जानकारी लेने के बाद उन्होंने मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया. निरीक्षण के क्रम में गया से आये रेल डीएसपी सुनील कुमार के अलावा जहानाबाद रेल थानाध्यक्ष शकुंलता किस्कू, एसआइ ललन कुमार सहित थाने के सभी पुलिस कर्मी उपस्थित थे.
