कसवां में करेंट से युवक की मौत

आक्रोशित लोगों ने एनएच 110 को गांव के समीप दो घंटों तक किया जाम जहानाबाद/रतनी : परस बिगहा थाना क्षेत्र के कसवां गांव निवासी प्रेम शंकर कुमार नामक 19 वर्षीय युवक की शुक्रवार को करेंट लगने से मौत हो गयी. घटना कसवां स्थित दुग्ध संग्रहण केंद्र में हुई. करेंट से युवक की हुई मौत को […]

आक्रोशित लोगों ने एनएच 110 को गांव के समीप दो घंटों तक किया जाम
जहानाबाद/रतनी : परस बिगहा थाना क्षेत्र के कसवां गांव निवासी प्रेम शंकर कुमार नामक 19 वर्षीय युवक की शुक्रवार को करेंट लगने से मौत हो गयी. घटना कसवां स्थित दुग्ध संग्रहण केंद्र में हुई. करेंट से युवक की हुई मौत को लेकर मृतक के परिजन और ग्रामीण भड़क गये. लोगों ने शाम में तकरीबन दो घंटे तक जहानाबाद-अरवल एनएच 110 को कसवां गांव के समीप जाम कर दिया. आक्रोशित लोग दुग्ध संग्रहण केंद्र के संचालक पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे.
रात करीब आठ बजे तक शव को पोस्टमार्टम के लिए उठने नहीं दिया जा रहा था. घटनास्थल पर परसबिगहा के थानाध्यक्ष रितुराज सशस्त्र बलों के साथ पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया कर रहे थे. घटना के संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि कसवां निवासी नन्हक प्रसाद का पुत्र प्रेम शंकर कुमार बिजली बनाने के लिए दुग्ध संग्रहण केंद्र पर गया था.
उसी दौरान करेंट लगने से उसकी मौत हो गयी. दिन भर उसके परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कुछ भी पता नहीं चला. केंद्र के संचालक भी शाम में केंद्र बंद कर चले गये. देर शाम लोगों को किसी तरह जानकारी मिली कि प्रेम शंकर का शव केंद्र में पड़ा है. शव देखते ही लोग भड़क गये. लोग आरोप लगा रहे थे कि दुग्ध संग्रहण केंद्र के संचालक को जानकारी के बावजूद भी घटनाके बारे में किसी को नहीं बताया. गुस्साये लोग संचालक पर कार्रवाई करने की मांग करने लगे और कसवां के समीप सड़क जाम कर दिया.
घर का इकलौता चिराग था, इंजीनियरिंग का छात्र प्रेम शंकर : कसवां निवासी नन्हक प्रसाद चंद्रवंशी की तीन पुत्रियां हैं. एकमात्र पुत्र प्रेम शंकर घर का चिराग था, जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई करता था.
हाल ही में उसने परीक्षा दी थी. इकलौते पुत्र के निधन से नन्हक प्रसाद के अलावा उनकी पत्नी और पुत्रियों का हाल-बेहाल हो गया है. मां की आंखें पथरा-सी गयी हैं. रोते-रोते उनका हाल बुरा है. गांव की महिलाएं मृतक के परिजनों को ढाढ़स बंधा रही हैं. परसबिगहा थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के द्वारा दिये गये आवेदन के आलोक में निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >