मरीजों को बरगला कर पहुंचा देते हैं निजी क्लिनिक
जहानाबाद (नगर) : अमर शहीद जगदेव प्रसाद सदर अस्पताल परिसर निजी एंबुलेंस चालकों का ठिकाना बना हुआ है. अस्पताल परिसर में ही कई निजी एंबुलेंस खड़े रहते हैं. चालक एंबुलेंस लगाकर अस्पताल में चक्कर लगाते रहते हैं और मौका मिलते ही मरीजों को बरगला कर निजी अस्पताल में पहुंचा देते हैं. इस कार्य में अस्पताल कर्मियों का भी सहयोग प्राप्त है. कई बार तो मामला बिगड़ने पर लेकर हंगामा भी हो चुका है. इस परिस्थिति में अस्पताल प्रशासन अपनी सक्रियता दिखाते हुए निजी एंबुलेंस चालकों को अस्पताल में वाहन लगाने पर रोक लगा देते हैं. लेकिन, कुछ ही दिनों बाद मामला शांत होते ही स्थिति पूर्ववत बन जाती है.
दो एंबुलेंस चालक भेजे जा चुके हैं जेल : पूर्व के दिनों में अस्पताल से मरीज को निजी अस्पताल में पहुंचाने को लेकर जम कर हंगामा हुआ था, तब अस्पताल प्रशासन के साथ ही जिला प्रशासन भी अपनी सक्रियता दिखाते हुए अस्पताल में खड़े दो निजी एंबुलेंस के चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इससे कुछ दिनों तक निजी एंबुलेंस चालकों में भय व्याप्त रहा अस्पताल से बाहर एंबुलेंस को खड़ा कर मरीजों का इंतजार करते थे. लेकिन, जैसे ही मामला ठंडा हुआ, धीरे-धीरे पुरानी स्थिति बन गयी.
परिवहन विभाग को किया गया है सूचित
अस्पताल परिसर में निजी एंबुलेंस खड़ा रखने की शिकायत मिली है. लेकिन, अस्पताल प्रशासन के पास ऐसा कोई अधिकार नहीं है कि इन पर जुर्माना किया जा सके. ऐसे में परिवहन विभाग को पत्राचार किया गया है कि अस्पताल परिसर में खड़े निजी एंबुलेंस पर कार्रवाई की जाये.
कुणाल भारती, अस्पताल प्रबंधक
