कार्यक्रम. 636 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है निर्माण
जहानाबाद नगर : मखदुमपुर प्रखंड के उदेरा स्थान में फल्गु नदी में बने बराज का उद्घाटन 29 जून को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया जायेगा. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए उदेरा स्थान बराज निर्माण स्थल के समीप तैयारी होने लगी है.
जिला पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने जिले के अन्य पदाधिकारियों के साथ उदेरा स्थान का भ्रमण कर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया तथा तैयारियों में जुटे अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिये. विदित हो कि पूर्व में 30 जून को मुख्यमंत्री द्वारा उदेरा स्थान में बने बराज का उद्घाटन किया जाना था, लेकिन अब 29 जून को ही मुख्यमंत्री नवनिर्मित बराज का उदघाटन करेंगे. कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री हेलिकाप्टर द्वारा कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे.
सीएम औरंगाबाद जिले के गोह में स्वतंत्रता सेनानी रामविलास शर्मा जी के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद 12:15 मिनट पर उदेरा स्थान के लिए रवाना होंगे. सीएम 12:45 में उदेरा स्थान कार्यक्रम स्थल के समीप बने हेलिपैड पर पहुंचेंगे, जहां वे नवनिर्मित बराज के उद्घाटन के उपरांत सभा को भी संबोधित करेंगे. कार्यक्रम के बाद दो बजे सीएम पटना के लिए हेलिकाप्टर द्वारा रवाना हो जायेंगे. सीएम के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन जुटा हुआ है. बुधवार को जिला पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल पर ही प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे.
