वारदात. सड़क किनारे फेंका मिला शव
शव की पहचान नहीं हाथ पर लिखा है सुनीता
रतनी (जहानाबाद) : परसबिगहा थाने के सहबाजपुर गांव से पश्चिम सड़क किनारे से पुलिस ने एक 25 वर्षीया महिला का शव बरामद किया है. उसकी हत्या तेज धारदार हथियार से गला रेत कर की गयी प्रतीत होती है. सुबह में शव पर ग्रामीणों की नजर पड़ी, तो थाने को सूचना दी गयी. इसके बाद थानाध्यक्ष ऋतुराज दलबल के साथ मौके पर पहुंचे तथा शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद भेज दिया, जहां शव को पोस्टमार्टम के बाद पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है.
मृतका सलवार व कमीज में थी तथा बाएं हाथ पर गोदना गोद कर सुनीता लिखा था. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह ऑनर किलिंग का मामला प्रतीत होता है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले का खुलासा संभव है. लोगों ने बताया कि महिला के हाथ गमछे से बंधे थे. देर शाम तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है.
