जहानाबाद में सोनबरसा EO की गाड़ी ने बाइक में मारी टक्कर, महिला की मौत, चार घायल

जहानाबाद में पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार पांच लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई.

Jehanabad News: जहानाबाद में पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग 22 पर मई रेल गुमटी के पास सहरसा जिले के सोनबरसा के कार्यपालक पदाधिकारी की गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गयी, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गये. इनमें से दो घायलों की स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है. दोनों को पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल जहानाबाद में चल रहा है.

हादसे के बाद गाड़ी पर सवार लोग घटनास्थल पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गये. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद पहुंचाया गया.

इलाज के दौरान उषा देवी की मौत

सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उषा देवी की मौत हो गयी. वह जहानाबाद जिले के काको थाना अंतर्गत काको कोठिया गांव की रहने वाली थीं.

राजीव कुमार और प्रियंका देवी को प्राथमिक उपचार के बाद चिंताजनक स्थिति में पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है. वहीं, चार वर्षीय पिंटू कुमार और 12 वर्षीय दिलखुश का इलाज सदर अस्पताल जहानाबाद में किया जा रहा है.

उषा देवी को छोड़कर बाकी सभी घायल पटना जिले के कादरीगंज थाना अंतर्गत मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं.

एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे पांचों लोग

जानकारी के अनुसार, सभी पांच लोग एक ही बाइक पर सवार होकर नसरतपुर गांव में अपने एक संबंधी के यहां से कादरीगंज, पटना जा रहे थे. जैसे ही वे राष्ट्रीय राजमार्ग 22 पर मई गुमटी के निकट पहुंचे, तभी सहरसा जिले के सोनबरसा के कार्यपालक पदाधिकारी की काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी.

टक्कर के बाद बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी और सभी लोग सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों ने सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.

एक की मौत, दो पीएमसीएच रेफर

सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अंबर कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल पांच लोगों को अस्पताल लाया गया था. इनमें एक की मौत हो गयी, जबकि दो घायलों को गंभीर स्थिति में पीएमसीएच पटना भेजा जा रहा है. दो अन्य घायलों की हालत स्थिर है.

Also Read: जहानाबाद में लगातार 270वें रविवार हुआ पौधरोपण, युवाओं ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay Anurag

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >