झाझा (जमुई) : झाझा नगर क्षेत्र के पुरानी बाजार पार्क के समीप रविवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झाझा पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. बीके राय ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान चरघरा मोहल्ला निवासी सिकंदर राम के 32 वर्षीय पुत्र अमित राम उर्फ गोलू के रूप में हुई है.
फल लाने घर से निकले थे अमित
मृतक की पत्नी आरती देवी ने बताया कि रविवार को वह उपवास पर थीं. उनके पति अमित फल लाने के लिए बाइक से बाजार निकले थे. हादसे से करीब पांच मिनट पहले ही अमित से फोन पर बातचीत हुई थी. इसके कुछ ही देर बाद सड़क हादसे में उनके घायल होने की सूचना मिली.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अमित की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे. पत्नी आरती देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था. अस्पताल परिसर में परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया.
पिकअप चलाकर परिवार चलाते थे
परिजनों के अनुसार अमित राम अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और पिकअप वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी आरती देवी और दो पुत्रों सात वर्षीय अविराज और पांच वर्षीय आरव को छोड़ गये हैं.
घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार अमित बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पुरानी बाजार पार्क के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद चरघरा मोहल्ले में शोक का माहौल है. परिवार पर अचानक टूटे इस दुख से आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं.
यह भी पढ़ें :किऊल नदी में स्नान करने उतरा मजदूर लापता, NDRF के साथ तलाश में जुटी पुलिस
