झाझा थाना क्षेत्र की बाराजोर पंचायत के धपरी गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गयी. घर की छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से अनिता देवी की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी. मृतका की पहचान धपरी गांव निवासी श्यामसुंदर मंडल की पत्नी अनिता देवी के रूप में हुई है.
नहाने के बाद छत पर कपड़े सुखाने गई थी महिला
मृतका के पति श्यामसुंदर मंडल ने बताया कि उनकी पत्नी नहाने के बाद कपड़े पसारने के लिए घर की छत पर गयी थी. इसी दौरान वह छत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गयी. करंट लगने के बाद वह गंभीर रूप से झुलस गयी और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी.
घटना के समय महिला का पति गांव से कुछ दूरी पर खेत में मजदूरी करने गया था. हादसे की जानकारी उसे बाद में मिली, जिसके बाद वह दौड़कर घर पहुंचा.
स्कूल से बेटा लौटा तो छत पर मिला मां का जला शव
घटना का पता तब चला जब मृतका का छोटा बेटा श्रवण अपने बेटे को स्कूल से लेकर घर पहुंचा. घर पहुंचने के बाद जब उसने छत पर अपनी मां को जली हुई अवस्था में मृत देखा तो उसके होश उड़ गये. उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी.
कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना ग्रामीणों ने झाझा पुलिस को दी. सूचना मिलते ही एसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसआई दिलीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बिजली तार को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी देखी गयी. ग्रामीणों का कहना है कि घर की छत के बेहद करीब से बिजली का तार गुजर रहा है, जिससे भविष्य में भी इस तरह की घटना होने का खतरा बना हुआ है. लोगों ने घरों की छत से सटे बिजली तारों को हटाने या सुरक्षित दूरी पर करने की मांग की.
ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते तारों की स्थिति पर ध्यान दिया जाता तो इस तरह के हादसे को टाला जा सकता था.
विद्युत विभाग ने जांच का दिया भरोसा
विद्युत विभाग के एसडीओ विनोद नागर ने बताया कि बिजली का तार छत से कुछ दूरी से होकर गुजर रहा है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच करायी जाएगी और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
हादसे के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से इलाके में बिजली तारों की स्थिति की जांच कराने और जहां भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हो रहा है, वहां तत्काल सुधार कराने की मांग की है.
