सोनो. एनएच-333 पर बटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तीनपुलवा के समीप बुधवार को गिट्टी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दुर्घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. ट्रक चालक की पहचान कार्तिक यादव के रूप में हुई. लोगों ने बताया कि तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक का अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सड़क किनारे पलट गया. अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं इस दुर्घटना में बाल बाल बचे ट्रक के उपचालक सुनील यादव ने बताया कि गिट्टी रामपुर से लादकर लखीसराय जा रहे थे तभी रास्ते में यह हादसा हुआ. इधर घटना की सूचना मिलते ही बटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पलटे ट्रक को दो जेसीबी मशीन की मदद से सीधा किया, जिसके बाद मुख्य मार्ग पर यातायात बहाल हो सका.
गिट्टी लदा ट्रक पलटा, चालक घायल
एनएच-333 पर बटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तीनपुलवा के समीप हादसा
