एचपीवी टीकाकरण : बिगड़ी दो छात्राओं की तबीयत

दोनों हैं खतरे से बाहर

बरहट. प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय बहिरा पांडो में चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब इंजेक्शन लगने के कुछ ही मिनट बाद दो छात्राओं की तबीयत बिगड़ गयी. स्कूल से मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा 8 की छात्रा अंशु कुमारी और माही कुमारी को स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार वैक्सीन लगा, लेकिन इसके करीब 10 मिनट के भीतर ही दोनों को चक्कर आने के साथ घबराहट और कमजोरी की शिकायत होने लगी. बच्चों की हालत बिगड़ती देख विद्यालय प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ और बिना समय गंवाए एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहट भेजा गया. जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज के बाद दोनों छात्राओं की स्थिति में सुधार हुआ और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया. विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोवर हसन ने बताया कि टीकाकरण पूरी तरह विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा था. उन्होंने कहा कि जैसे ही छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली तत्काल विभागीय पदाधिकारियों को सूचित कर आवश्यक कदम उठाए गये और बच्चों को सुरक्षित इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 15 वर्ष से अधिक आयु की छात्राओं के एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य गंभीर बीमारियों से बचाव करना है. हालांकि इस घटना के बाद अभिभावकों के बीच हल्की चिंता जरूर देखी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANIMESH KUMAR

ANIMESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >