सिमुलतला आवासीय विद्यालय के पूर्व प्राचार्य निलंबित

अनियमितताओं पर डीएम का सख्त एक्शन

जमुई. जिले में शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. सिमुलतला आवासीय विद्यालय में पायी गयी अनियमितताओं के मामले में पूर्व प्राचार्य-सह-उप प्राचार्य सुनील कुमार को निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी नवीन द्वारा भेजे गये आरोप पत्र के आधार पर बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने की है. जानकारी के अनुसार, डीएम ने 16 मार्च 2026 को विस्तृत आरोप पत्र भेजकर विद्यालय के प्रशासनिक व वित्तीय कार्यों में गंभीर अनियमितताओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया था. मामले की समीक्षा के बाद विभाग ने बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, पूर्णिया प्रमंडल निर्धारित किया गया है तथा विभागीय जांच भी शुरू कर दी गयी है. जिला पदाधिकारी नवीन ने पदभार ग्रहण करने के बाद अपने शुरुआती निरीक्षण में ही विद्यालय की कार्यशैली और शैक्षणिक स्थिति पर असंतोष जताया था. इसके बाद सुधारात्मक कदम उठाते हुए पारदर्शिता और अनुशासन पर विशेष जोर दिया गया. प्रशासन के सख्त रुख का असर अब दिखने लगा है. महज एक वर्ष में सिमुलतला आवासीय विद्यालय ने शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार किया है. मैट्रिक परीक्षा 2026 में विद्यालय ने राज्य स्तर पर टॉपर देने के साथ बेहतर परिणाम हासिल कर अपनी पहचान मजबूत की है. प्रशासन की इस कार्रवाई को शिक्षा संस्थानों में जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. स्पष्ट संदेश है कि छात्रों के भविष्य और संस्थान की गरिमा से समझौता करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >