जमुई. जिले के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी एक्साइज चेक पोस्ट पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है. शिकायत मिलने के बाद जांच में आरोप सही पाये जाने पर तीन होमगार्ड जवानों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में गिरिडीह जिले के शास्त्री नगर निवासी श्याम सुंदर यादव ने आरोप लगाया था कि 21 अप्रैल 2026 की रात उनसे जबरन 15 हजार रुपये वसूले गये. शिकायत के आधार पर की गयी जांच में पता चला कि परिवादी अपने पांच साथियों के साथ स्कॉर्पियो से तिलक समारोह में शामिल होने महादेव सिमरिया (जमुई) जा रहे थे. डुमरी चेक पोस्ट पर तैनात तीन होमगार्ड जवानों ने वाहन को रोककर सभी लोगों को नीचे उतारा और कथित रूप से 20 हजार रुपये की मांग की. नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी दी गयी. इस दौरान एक व्यक्ति से मोबाइल स्कैनर के जरिये 9500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराये गये. जांच के दौरान चेक पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला गया, जिसमें तीनों जवानों को वाहन रोकते हुए देखा गया. पूछताछ में एक आरोपित सूर्यमणि कुमार ने स्वीकार किया कि उसने अपने परिचित के यूपीआइ आइडी पर 9500 रुपये मंगवाये थे. इस मामले में सूर्यमणि कुमार, आशीष कुमार सिंह और नवीन कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है. प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध वसूली और भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा.
डुमरी चेक पोस्ट पर अवैध वसूली का खुलासा, तीन होमगार्ड जवान गिरफ्तार
जिले के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी एक्साइज चेक पोस्ट पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है.
