बासकीटांड़ इलाके से 60 ड्रम में 12 हजार पेट्रोल -डीजल जब्त

चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के बासकीटांड़ इलाके में चंद्रमंडीह पुलिस ने भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल बरामद किया है.

चकाई. चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के बासकीटांड़ इलाके में चंद्रमंडीह पुलिस ने भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल बरामद किया है. बताया जा रहा है यह तेल अवैध रूप से बिक्री के लिए रखा गया था. बरामद तेल की कीमत लगभग 15 लाख रुपये के करीब बतायी जाती है. कार्रवाई में पुलिस ने एक पुराने कच्चे मकान से लगभग 60 ड्रम में भरे 12000 हजार लीटर पेट्रोल व डीजल जब्त किया है. गुप्त सूचना के आधार पर सुबह 8:00 बजे के करीब चंद्रमंडीह के अपर थाना अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने यह कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान चकाई थाना अध्यक्ष सर्वजीत कुमार भी मौजूद रहे. मामले की सूचना पाकर बीडीओ मनीष आनंद एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मुकेश कुमार भी मौके पर पहुंचकर पेट्रोलियम पदार्थ की जांच कर रहे हैं. चंद्रमंडीह के अपर थाना अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बशुकीटाड़ इलाके में अवैध डीजल पेट्रोल बनाने का काम किया जा रहा है. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी करते हुए 60 ड्रम में 12000 लीटर डीजल पेट्रोल बरामद किया है. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में खाली ड्रम, डीजल पेट्रोल तैयार करने का केमिकल, पाइप, मोटर, कच्चा पेट्रोलियम पदार्थ आदि भी जब्त किया है जिसकी जांच की जा रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के लिखित आवेदन पर इस कारोबार से जुड़े लोगो के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी. गौरतलब है कि करीब तीन वर्ष पूर्व भी बसकीटांड़ इलाके में ही पुलिस और आपूर्ति विभाग की कार्रवाई में डीजल पेट्रोल के कारोबार पर कार्रवाई की गयी थी. सूत्रों की माने तो चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र का गोपीडीह, अडीडीह व आदि का इलाका लंबे समय से अवैध डीजल पेट्रोल कारोबार का केंद्र बना हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >