कैसे विभाग बुझायेगा आग, थानों के पास अग्निशामक वाहन ही नहीं

गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन जिले का अग्निशमन विभाग खुद ही संसाधनों की कमी से जूझ रहा है.

बरहट. गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन जिले का अग्निशमन विभाग खुद ही संसाधनों की कमी से जूझ रहा है. हालात ऐसे हैं कि न पर्याप्त वाहन उपलब्ध हैं, न ही पर्याप्त कर्मी. ऊपर से आग बुझाने के लिए पानी की समुचित व्यवस्था का भी अभाव है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. जानकारी के अनुसार, जिले के 24 थानों में से केवल छह से सात थानों के पास ही अग्निशामक वाहन उपलब्ध हैं. कई थानों को एक ही वाहन के भरोसे रहना पड़ता है. सिमुलतला थाना का अग्निशमन वाहन महीनों से खराब पड़ा हुआ है, जिससे स्थिति और भी चिंताजनक हो गयी है. वर्तमान में फायर ब्रिगेड के पास मात्र आठ छोटे और दो बड़े वाहन हैं, जो पूरे जिले के लिए नाकाफी साबित हो रहे हैं.

पानी की व्यवस्था बड़ी चुनौती

अग्निशमन विभाग के सामने सबसे बड़ी समस्या पानी की है. वाहनों में पानी भरने के लिए कहीं भी स्थायी हाइड्रेंट की व्यवस्था नहीं है. ऐसे में विभाग को अलग-अलग स्रोतों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ती है. इस कारण घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हो जाती है और तब तक आग विकराल रूप ले लेती है, जिससे भारी नुकसान होता है.

ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ी चिंता

लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने खासकर ग्रामीण इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ा दी है. दूरी और संसाधनों की कमी के कारण आग लगने पर नुकसान अधिक हो रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि जब विभाग के पास पर्याप्त संसाधन ही नहीं हैं, तो बड़े हादसों से निपटना मुश्किल होगा.

कर्मियों की भारी कमी

अग्निशमन विभाग में भी स्टाफ की भारी कमी बनी हुई है. वर्तमान में एक डीएफओ, एक एडीएफओ, 13 चालक, एक अग्निकर्मी और 26 फायरमैन ही कार्यरत हैं, जो जिले की जरूरत के हिसाब से बेहद कम हैं. कर्मियों की कमी के कारण कई बार एक ही टीम को अलग-अलग घटनाओं में भेजना पड़ता है.

एक वाहन होने से घटनास्थल पर पहुंचने में लगता है समय

वाहनों की कमी के कारण एक अग्निशामक वाहन को दो से तीन थानों का क्षेत्र कवर करना पड़ता है. इससे सूचना मिलने के बाद भी मौके पर पहुंचने में देर होती है और नुकसान बढ़ जाता है.

क्या कहते हैं अधिकारी

इस संबंध में सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी अनूप कुमार ने बताया कि संसाधनों की कमी के कारण विभाग को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि छोटे अग्निशामक वाहनों और अतिरिक्त कर्मियों की आवश्यकता है. विभाग को स्थिति से अवगत करा दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >