सॉकर किंग टीम ने ब्लू किलर को 4-0 से किया पराजित

स्थानीय श्रीकृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम में द हंट फुटबॉल अकेडमी की ओर से आयोजित 5-साइड फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मंगलवार को खेला गया.

जमुई . स्थानीय श्रीकृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम में द हंट फुटबॉल अकेडमी की ओर से आयोजित 5-साइड फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मंगलवार को खेला गया. फाइनल में सॉकर किंग टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्लू किलर टीम को 4-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया. मैच की शुरुआत से ही सॉकर किंग की टीम आक्रामक मूड में नजर आयी. पहले हाफ में टीम ने बेहतरीन तालमेल और तेज खेल का प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागकर मजबूत बढ़त बना ली. ब्लू किलर की टीम ने भी बराबरी की कोशिश की, लेकिन सॉकर किंग की मजबूत डिफेंस के सामने उन्हें सफलता नहीं मिली. दूसरे हाफ में ब्लू किलर की ओर से खिलाड़ी कुणाल कुमार ने शानदार खेल दिखाते हुए कई बार गोल करने के मौके बनाए, लेकिन किस्मत और विरोधी गोलकीपर ने उनका साथ नहीं दिया. मैच के अंतिम क्षणों में सॉकर किंग के शिवम कुमार ने लगातार दो गोल कर मुकाबले को एकतरफा बना दिया और टीम को निर्णायक जीत दिलायी. कार्यक्रम में जिला फुटबॉल संघ के संरक्षक एवं जिला फुटबॉल संघ के सचिव बासुदेव प्रसाद केशरी और कुंदन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उनके साथ अनंत सिंह, अश्वनी सिंह, मुकेश कुमार, विवेक कुमार एवं कृष्णनंदन शर्मा भी मौजूद थे. अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया. विजेता सॉकर किंग टीम को 2400 रुपये तथा उपविजेता ब्लू किलर टीम को 1200 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई. बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार ब्लू किलर के कुणाल कुमार को, जबकि बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार सॉकर किंग के शिवम कुमार को दिया गया. द हंट फुटबॉल अकेडमी के सचिव अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यह टूर्नामेंट 15 जनवरी से 20 जनवरी 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें कुल छह टीमों ने भाग लिया. यह प्रतियोगिता अंडर-15 वर्ग के खिलाड़ियों के लिए थी, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारना और उनका मनोबल बढ़ाना रहा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >