सोनो. देसी शराब निर्माण और उसके बिक्री के विरुद्ध सोनो पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के पूर्वी जंगली इलाके में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान देसी शराब बनाने के कई भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया जबकि बड़ी मात्रा में जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. हालांकि इस दौरान शराब निर्माण में लगे लोग पुलिस वाहन देख जंगल की ओर भाग गए. थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र अंतर्गत अमझरी, बेलम्बा और असनालेवार गांव के जंगली इलाकों में छापेमारी कर 5 देशी शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया जबकि लगभग 13 क्विंटल जावा महुआ और शराब बनाने के उपकरण मौके पर ही नष्ट कर दिए गए. अमझरी में दो भट्टियां तोड़कर 400 किलो जावा महुआ नष्ट किया गया, बेलम्बा में एक भट्टी के साथ 300 किलो जावा महुआ और असनालेवार में दो भट्टियों के साथ 600 किलो जावा महुआ नष्ट किया गया. पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब माफिया जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए. कार्रवाई में एसआई मनोज कुमार सिंह, रामवरण सिंह समेत कई पुलिस बल शामिल थे. बता दें कि प्रखंड के कई गांवों में महुआ शराब का अवैध कारोबार कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है. बलथर, पैरामटिहाना, ढोढरी, बेलम्बा, नैयाडीह समेत कई पंचायतों के जंगली क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर देसी शराब बनाने के लिए भट्टियां संचालित होती है. देसी शराब माफिया गांव के बजाय समीप के जंगली इलाके में झाड़ियों व घने पेड़ो के बीच शराब निर्माण करते है. इस इलाके में पुलिस जैसे ही कार्रवाई के लिए आती है इसमें जुड़े लोगों को पता लग जाता है और वे घने जंगल की ओर फरार हो जाते है. बावजूद इसके पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चलाकर भट्ठियों को ध्वस्त करती रही है.
शराब की पांच भट्ठियां ध्वस्त, 13 क्विंटल जावा महुआ नष्ट
देसी शराब निर्माण और उसके बिक्री के विरुद्ध सोनो पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के पूर्वी जंगली इलाके में छापेमारी की.
