चारों दूलहा में बड़का कमाल सखियां…, माता सीता की विदाई दृश्य ने रुला दिया

प्रखंड मुख्यालय स्थित पंच मंदिर परिसर में सनातन संस्कृति सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय विराट महायज्ञ से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया है.

गिद्धौर . प्रखंड मुख्यालय स्थित पंच मंदिर परिसर में सनातन संस्कृति सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय विराट महायज्ञ से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया है. महायज्ञ के तीसरे दिन बीते बुधवार की रात श्रीधाम वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध रामकथा प्रवक्ता पंडित कृष्णकांत जी महाराज ने रामकथा सुनाकर संपूर्ण गिद्धौर क्षेत्र को भक्तिरस में डूबो दिया. रामकथा के क्रम में पंडित कृष्णकांत जी महाराज ने भगवान शिव, माता सती एवं भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया. उन्होंने कहा कि श्रीराम केवल अयोध्या के राजकुमार नहीं, बल्कि सच्चिदानंद स्वरूप स्वयं परमेश्वर हैं, जिनमें संपूर्ण ब्रह्मांड का कल्याण निहित है. कथा के दौरान माता सती–भगवान शिव संवाद का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि जब माता सती ने वन में भगवान शिव को श्रीराम को प्रणाम करते देखा, तो उनके मन में जिज्ञासा उत्पन्न हुई. इस पर देवाधिदेव महादेव ने स्पष्ट किया कि श्रीराम नारायण के अवतार और जगत के स्वामी हैं. संशयवश माता सती ने सीता रूप धारण कर श्रीराम की परीक्षा लेने के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया. कथा के इस मार्मिक दृश्य को सुन श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं. पूरे कथा स्थल पर हर हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण गूंज उठा. श्रद्धालु भावविभोर होकर रामनाम स्मरण में लीन नजर आये. कथावाचक ने श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि ईश्वर पर अटूट विश्वास ही भक्ति का मूल है, जबकि संशय आत्मिक पतन का कारण बनता है.

रामलीला में जनकपुर की हंसी-ठिठोली ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

इधर, विराट महायज्ञ के अंतर्गत प्रयागराज की रामलीला मंडली ने धर्मदेव व्यास के नेतृत्व में भगवान श्रीराम एवं जनकनंदिनी माता सीता के विवाह प्रसंग का भव्य मंचन किया गया. राम-सीता विवाह में जनकपुर की हंसी-ठिठोली, पारंपरिक संवाद और लोकगीतों-लोगवा देत काहे गारी… व चारों दूल्हा में बड़का कमाल सखियां…-पर दर्शक झूम उठे. वहीं माता सीता की विदाई के दृश्य में महिला श्रद्धालु भावुक होकर आंसू पोंछती दिखीं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन भव्य भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण कर रहे हैं. आयोजन स्थल पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की भारी भीड़ देखी जा रही है. कार्यक्रम के सफल आयोजन में सनातन संस्कृति सेवा समिति के अध्यक्ष सोनू कुमार, सचिव सुमन कुमार, कोषाध्यक्ष बिट्टू कुमार, सह-कोषाध्यक्ष रॉकी कुमार, उपाध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ पाजो जी सहित समिति के सभी सदस्य समर्पित भाव से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. समिति के उप सचिव सुशांत साईं सुंदरम ने बताया कि प्रतिदिन संध्या पांच बजे से रामकथा तथा संध्या आठ बजे से भव्य रामलीला का मंचन किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >