खैरा . प्रखंड की झुंडो पंचायत अंतर्गत डहुआ खेल मैदान में आयोजित डहुआ प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मंगलवार को खेला गया, जिसमें क्रिकेट क्लब केंदुआ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली. फाइनल मैच का उद्घाटन पूर्व एमएलसी संजय प्रसाद और भाजपा के वरिष्ठ नेता विकास सिंह ने संयुक्त रूप से किया. विगत पखवारे से चल रहे इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया, जहां सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले गये. लगातार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जमुई और क्रिकेट क्लब केंदुआ की टीमें आमने-सामने हुईं. टॉस जीतकर जमुई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाये. लक्ष्य का पीछा करने उतरी केंदुआ की टीम ने 15 ओवर में 6 विकेट खोकर 4 विकेट से आसान जीत दर्ज की. फाइनल मुकाबले को देखने के लिए हजारों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान के चारों ओर मौजूद रहे. मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार केंदुआ टीम के खिलाड़ी सद्दाम को दिया गया. विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 15 हजार रुपये नकद तथा उपविजेता टीम को रनर ट्रॉफी के साथ 7500 रुपये नकद पुरस्कार मुख्य अतिथियों के हाथों प्रदान किया गया. मैच में अंपायर की भूमिका गौतम पांडे और गुड्डू कुमार ने निभायी. लोगों को संबोधित करते हुए विकास सिंह ने कहा कि खेल से शरीर स्वस्थ रहता है और उज्ज्वल भविष्य की नींव पड़ती है. उन्होंने आयोजन समिति को सफल और पारदर्शी आयोजन के लिए बधाई दी. आयोजन में वीरेंद्र शर्मा, पंचायत समिति सदस्य गुड्डू सिंह, पैक्स अध्यक्ष मकेश्वर सिंह, उदय नारायण सिंह, पंचानन पांडे, चंदन पांडे, दीपक राम, छोटन सिंह, सुनील सिंह, रविंद्र सिंह, वीरेंद्र पांडे, संतोष पांडे सहित कई लोग सक्रिय रूप से शामिल रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
