सिमुलतला . बीते सोमवार की देर संध्या सिमुलतला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 पेटी विदेशी शराब से लदी एक इंडिको कार को जब्त किया है. इस दौरान एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने बताया कि सिमुलतला रेलवे गेट के समीप संत कुटिया के पास वाहन जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस वाहन को देखते ही चालक घबरा गया और कार को पीछे करते हुए सड़क से नीचे खेत में उतार दिया. इसके बाद चलती गाड़ी से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस व उत्पाद विभाग की तत्परता के कारण एक तस्कर को दबोच लिया गया. अभियान में जिला उत्पाद विभाग के एएसआई जितेंद्र कुमार, डायल 112 नंबर की पुलिस टीम के बिजेंद्र कुमार तथा एसएसबी 16वीं वाहिनी बी कंपनी के जवानों का सराहनीय सहयोग रहा. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर की पहचान झारखंड के गिरिडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत महेसमुंडी गांव निवासी नेपाली साह के पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है. कार की तलाशी में विभिन्न ब्रांड की कुल 20 पेटी विदेशी शराब बरामद की गयी. तस्करी में प्रयुक्त कार (रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 02–5696) को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस ने बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. फरार तस्कर की तलाश में छापेमारी जारी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
