गिद्धौर . जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी बीएलओ कार्य पूरा कर चुके शिक्षकों को अपने मूल विद्यालय में लौटने का निर्देश दिया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से इसे लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया है. बीएलओ कार्य पूरा कर चुके शिक्षक व शिक्षा सेवक को 24 घंटे के अंदर अपने मूल विद्यालय में योगदान सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया गया. वैसे शिक्षक जिनका बीएलओ कार्य शेष है वो भी विद्यालय में योगदान कर बच्चों के शैक्षणिक कार्य में योगदान देंगे साथ ही शाम चार बजे के बाद अपने शेष बचे बीएलओ कार्य को भी पूरा करेंगे. जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को इसे लेकर निर्देश दिया है कि वे अपने अपने प्रखंड में सुनिश्चित करें कि जिन शिक्षकों का बीएलओ कार्य पूर्ण हो चुका है, वे जल्द से जल्द अपने विद्यालय में योगदान करें. बताया जाता है कि जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ कार्य लगी थी, जिसके कारण विद्यालयों में पठन पाठन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के साथ बीएलओ का कार्य समाप्त हो चुका है. बावजूद शिक्षक बीएलओ ड्यूटी के नाम पर विद्यालय से दूरी बनाए हुए हैं. इधर चुनाव तिथि की घोषणा के बाद से मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण भी शुरू हो चुका है. कई शिक्षकों को चुनाव प्रशिक्षण के लिए विद्यालय में जाना पड़ रहा है. वहीं विद्यालय खेल प्रतियोगिता को लेकर भी कई शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति खेल कार्यालय में हुई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
